गुरुवार, 3 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Youth Congress' clarification on smuggler Tushar Goyal
Last Updated : गुरुवार, 3 अक्टूबर 2024 (16:21 IST)

युवा कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों पर दिया स्पष्टीकरण, तस्कर तुषार गोयल को 2022 में ही निष्कासित कर दिया था

युवा कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों पर दिया स्पष्टीकरण, तस्कर तुषार गोयल को 2022 में ही निष्कासित कर दिया था - Youth Congress' clarification on smuggler Tushar Goyal
Youth Congress' clarification: भारतीय युवा कांग्रेस (Youth Congress) ने 5,600 करोड़ रुपए के मादक पदार्थ की जब्ती के मामले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के आरोपों को निराधार एवं झूठा करार देते हुए गुरुवार को नई दिल्ली में कहा कि सत्तारूढ़ दल ने जिस मुख्य आरोपी तुषार गोयल (Tushar Goyal) का जिक्र किया है, उसे 17 अक्टूबर, 2022 को ही संगठन से पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित कर दिया गया था।
 
युवा कांग्रेस ने एक बयान जारी कर भाजपा के आरोपों का खंडन करने के साथ ही गोयल के निष्कासन के पत्र की एक प्रति भी साझा की। संगठन ने दावा किया कि ये आरोप हरियाणा विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने का भाजपा का कुत्सित प्रयास है।ALSO READ: BJP का कांग्रेस पर आरोप, तस्कर को बनाया आरटीआई प्रकोष्ठ का अध्यक्ष
 
कांग्रेस की युवा इकाई ने कहा कि हम सुधांशु त्रिवेदी द्वारा लगाए गए निराधार आरोपों की निंदा करते हैं। उन्होंने झूठा दावा किया कि दिल्ली में 5,600 करोड़ रुपए के ड्रग भंडाफोड़ का कथित सरगना तुषार गोयल दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस आरटीआई सेल का अध्यक्ष है। युवा कांग्रेस ने कहा कि तुषार गोयल को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण 17 अक्टूबर, 2022 को संगठन से निष्कासित कर दिया गया था और तब से वह किसी भी तरह हमारे साथ नहीं है।
 
उसने कुछ खबरों का हवाला देते हुए दावा किया कि तुषार गोयल ने खुद पुलिस के सामने कबूल किया है कि वह 2021-22 में दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस आरटीआई सेल का पूर्व अध्यक्ष था, लेकिन बाद में उसने संगठन छोड़ दिया। यह स्पष्ट है कि भाजपा गलत जानकारी का उपयोग करके कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं की छवि खराब करने का प्रयास कर रही है।ALSO READ: Haryana Elections: हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले आप उम्मीदवार कांग्रेस में शामिल
 
युवा कांग्रेस ने कहा कि भाजपा को आधी-अधूरी राजनीतिक कहानियां गढ़ने के बजाय दिल्ली पुलिस पर भरोसा करना चाहिए। उसने कहा कि हम दिल्ली पुलिस से आग्रह करते हैं कि गिरफ्तार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, न कि इस मामले को एक दुर्भावनापूर्ण राजनीतिक अभियान बनने दिया जाए।
 
इससे पहले भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि यहां 5,600 करोड़ रुपए के मादक पदार्थ की जब्ती के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी गोयल भारतीय युवा कांग्रेस की दिल्ली इकाई के सूचना का अधिकार (आरटीआई) प्रकोष्ठ का अध्यक्ष है। त्रिवेदी ने देश को बर्बाद करने में शामिल मादक पदार्थ तस्करों से कथित संबंधों को लेकर कांग्रेस की आलोचना की और मुख्य विपक्षी पार्टी से स्पष्टीकरण मांगा।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
पश्चिम एशिया में तनाव से शेयर बाजार में भूचाल, BSE पर 10 लाख करोड़ बर्बाद