1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. shivsena leader manohar joshi passes away

महाराष्ट्र के पूर्व CM मनोहर जोशी का निधन, कार्डियक अरेस्ट के बाद अस्पताल में थे भर्ती

86 वर्ष के थे दिग्गज शिवसेना नेता मनोहर जोशी

manohar joshi
1995 से 1999 तक संभाली थी महाराष्‍ट्र की कमान
2002 से 2004 तक लोकसभा अध्यक्ष रहे
Manohar Joshi news in hindi : महाराष्‍ट्र के पूर्व मुख्‍यमंत्री और दिग्गज शिवसेना नेता मनोहर जोशी का शुक्रवार को निधन हो गया। वे 86 साल के थे। उन्होंने मुंबई के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। 
 
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री को बुधवार को कार्डियक अरेस्ट के बाद पीडी हिंदुजा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। 
 
मनोहर जोशी के बेटे उमेश ने बताया कि सुबह 11 बजे से 2 बजे तक अंतिम दर्शन के लिए उनका पार्थिव शरीर उनके माटुंगा स्थित घर पर रखा जाएगा। इसके बाद शिवाजी पार्क श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार होगा। 
 
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, 'मनोहर जोशी जी के निधन से दुखी हूं। वह एक अनुभवी नेता थे जिन्होंने सार्वजनिक सेवा में वर्षों बिताए और नगरपालिका, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न जिम्मेदारियों को निभाया।'
 
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राज्य की प्रगति के लिए अथक काम किया और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उल्लेखनीय योगदान दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संसदीय प्रक्रियाओं को अधिक जीवंत और सहभागी बनाने का प्रयास किया।
 
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में मनोहर जोशी को उनके परिश्रम के लिए भी याद किया जाएगा, जिन्हें नगरपालिका से लेकर विधानमंडल और संसद तक में सेवा करने का सम्मान मिला। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मनोहर जोशी का जन्म 2 दिसंबर, 1937 महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के नंदवी गांव में हुआ था।  उनके पिता का नाम गजानन कृष्ण जोशी और मां का नाम सरस्वती गजानन था।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी शिवसेना संस्थापक दिवंगत बालासाहेब ठाकरे के बेहद करीबी सहयोगियों में से एक थे। मनोहर जोशी 1995 से 1999 तक मुख्यमंत्री रहे और अविभाजित शिव सेना से राज्य में शीर्ष पद पर आसीन होने वाले पहले नेता थे। वह 2002 से 2004 तक लोकसभा अध्यक्ष रहे, जब अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार सत्ता में थी।
Edited by : Nrapendra Gupta 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
रूस के मिसाइल हमले के बाद अनाथों का गांव बनी यूक्रेन की ये जगह