रेखा गुप्ता आज संभालेंगी दिल्ली की कमान, कैबिनेट में शामिल होंगे 6 MLA, क्यों खास है यह चेहरे?
Rekha Gupta oath taking ceremony : शालीमार बाग से भाजपा विधायक रेखा गुप्ता आज रामलीला मैदान में मंत्री के रूप में शपथ लेंगी। गुप्ता के साथ ही प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। जानिए क्यों खास है रेखा गुप्ता के मंत्रिमंडल में शामिल यह 6 चेहरे? ALSO READ: कौन हैं रेखा गुप्ता, जो बनीं दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री
प्रवेश साहिब सिंह : वरिष्ठ भाजपा नेता प्रवेश साहिब सिंह ने नई दिल्ली विधानसभा सीट पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हराकर सभी को हैरान कर दिया। प्रवेश वर्मा दिवंगत भाजपा नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं। वे मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार थे, बहरहाल वे रेखा गुप्ता मंत्रिमंडल के अहम चेहरे होंगे।
आशीष सूद : जनकपुरी क्षेत्र से विधानसभा चुनाव जीते आशीष सूद पहली बार विधायक बने हैं। पंजाबी समुदाय से आने वाले सूद जम्मू कश्मीर में पार्टी के सहप्रभारी भी है। एबीवीपी से अपने करियर की शुरुआत करने वाले सूद केंद्रीय नेतृत्व के साथ ही संघ के भी करीबी माने जाते हैं। सूत्र भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार थे।
दिल्ली शपथ ग्रहण समारोह | परवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह आज मंत्री पद की शपथ लेंगे। pic.twitter.com/MANRYgcdpv
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 20, 2025
मनजिंदर सिंह सिरसा : राजौरी गार्डन सीट से विधायक चुने गए भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा भी दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल थे। सिख समुदाय से आने वालेसिरसा ने आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार धनवंती चंदेला को 18 हजार से भी ज्यादा मतों से हराया था। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सिरसा दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
रविंदर इंद्राज सिंह : रविंद्र इंद्राज दिल्ली के युवा दलित चेहरा हैं। वह बवाना सुरक्षित सीट से पहली बार विधायक बने हैं। उन्होंने AAP के जय उपकार को 31475 वोटों से हराकर जीत हासिल की है। एससी मोर्चा में कार्यकारी सदस्य रविंद्र को भी रेखा गुप्ता मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। ALSO READ: CM के रूप में नाम घोषित होने के बाद पहली बार क्या बोलीं रेखा गुप्ता
कपिल मिश्रा : दिल्ली के करावल नगर से विधायक कपिल मिश्रा की पहचान हिंदू और पूर्वांचली नेता की हैं। आम आदमी पार्टी से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करने वाले मिश्रा दूसरी बार करावल नगर से विधायक बने हैं। वह अपने बयानों से अकसर चर्चा में बने रहते हैं।
पंकज कुमार सिंह : बिहार के बक्सर से जुड़े पंकज कुमार सिंह दिल्ली के विकासपुरी से विधायक हैं। उनकी पहचान पूर्वांचली नेता के तौर पर होती है। उनके पिता राज मोहन सिंह दिल्ली में आयुक्त के पद पर रह चुके हैं।
Edited by : Nrapendra Gupta

