• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Aaj Ke taaja samachar: latest breaking news today in Hindi 19 february 2025 live update
Last Updated : बुधवार, 19 फ़रवरी 2025 (21:02 IST)

रेखा गुप्ता बनीं दिल्ली की नई मुख्यमंत्री

LIVE: रेखा गुप्ता बनीं दिल्ली की नई मुख्यमंत्री - Aaj Ke taaja samachar: latest breaking news today in Hindi 19 february 2025 live update
Latest News Today Live Updates in Hindi:  दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो गया। रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। विधायक दल की बैठक के बाद नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो गया। नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण कल रामलीला मैदान में होगा। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में भाजपा ने 48 सीट पर जीत हासिल की है। भाजपा पांच फरवरी को हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) को हराकर 27 साल बाद सत्ता में आई है। दिल्ली भाजपा कार्यालय में शाम को हुई विधायक दल की बैठक में पार्टी के 48 विधायकों ने नए मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति दी।पल पल की जानकारी... 


08:12 PM, 19th Feb
भाजपा की विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की नयी मुख्यमंत्री होंगी। दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में उन्हें सर्वसम्मति से पार्टी विधायक दल की नेता चुना गया। रेखा गुप्ता, दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनी हैं। उनका जन्म हरियाणा में हुआ था और वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ी रही हैं। विधायक दल की बैठक में पार्टी के सभी 48 विधायक मौजूद थे।
 
विधायक दल की बैठक के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने घोषणा की कि रेखा गुप्ता को सर्वसम्मति से विधायक दल की नेता चुना गया है। भाजपा संसदीय बोर्ड ने प्रसाद और राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। भाजपा सांसद मनोज तिवारी और कमलजीत सेहरावत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि रेखा गुप्ता दिल्ली की नयी मुख्यमंत्री होंगी और वह कल दोपहर 12 बजे शपथ लेंगी। मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता वर्तमान में भाजपा की एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होंगी। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी।
 
भाजपा पांच फरवरी को हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) को हराकर 27 साल बाद सत्ता में आई है। भाजपा सूत्रों ने कहा कि सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए रेखा गुप्ता पार्टी नेताओं के साथ राजनिवास में उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात करेंगी। इस बीच, रामलीला मैदान में नयी सरकार के भव्य शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। शपथ ग्रहण समारोह बृहस्पतिवार दोपहर में होगा।
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे। कुछ विशिष्ट मेहमानों सहित लगभग 50,000 लोगों के इस समारोह में भाग लेने की संभावना है।

06:02 PM, 19th Feb
भाजपा विधायक दल की बैठक शुरू हो गई है। विजेंद्र गुप्ता, सतीश उपाध्याय और प्रवेश वर्मा जैसे वरिष्ठ बीजेपी नेताओं को प्रभारी अलका गुर्जर के साथ अलग से बैठक के लिए बुलाया गया है। किसी भी वक्त सीएम के नाम का ऐलान हो सकता है।

- भाजपा विधायक दल की बैठक से पहले भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज पार्टी कार्यालय पहुंचीं। दिल्ली भाजपा विधायक दल की बैठक के लिए पार्टी कार्यालय पहुंचने पर भाजपा नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि आपको अगले एक घंटे में सारी जानकारी मिल जाएगी।

- भाजपा दफ्तर में पहुंचने वाले विधायकों का माथे पर तिलक लगाकर, गुलाब देकर और पटका पहनाकर स्वागत किया जा रहा है। इसके बाद सभी MLA विधायक दल की बैठक में शामिल होने अंदर जा रहे हैं। दिल्ली भाजपा चुनाव प्रभारी बैजयंत पांडा और विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा विधायक दल की बैठक के लिए दिल्ली भाजपा कार्यालय पहुंचे। मीडिया खबरों के मुताबिक दिल्ली का नया मुख्यमंत्री वैश्य समुदाय से हो सकता है।

04:13 PM, 19th Feb
विरेन्द्र सचदेवा दौड़ से बाहर : दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष विरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि वे मुख्‍यमंत्री पद की दौड़ में शामिल नहीं हैं। उन्होंने कहा कि विधायक दल की बैठक में मुख्‍यमंत्री का चयन किया जाएगा। इससे पहले मुख्‍यमंत्री पद के लिए सचदेवा का नाम चलता रहा है। 

02:03 PM, 19th Feb
-दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता के चयन के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

01:20 PM, 19th Feb
‍दिल्ली के सीएम का नाम तय : भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में दिल्ली के मुख्‍यमंत्री का नाम तय हो गया है। हालांकि किसका नाम तय हुआ है यह अभी खुलासा नहीं हुआ। शाम को होने वाली विधायक दल की बैठक के बाद ही नाम का खुलासा होगा। संसदीय बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की। 

01:18 PM, 19th Feb
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 'मृत्यु कुंभ' वाले बयान पर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने कहा, 300 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम था, अगर ये कुप्रबंधन नहीं है तो क्या है? लोगों को अपना सामान लेकर 25-30 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। नहाने के लिए आने वाला पानी सीवेज के पानी में मिला हुआ है और वैज्ञानिक इसे नहाने लायक नहीं मानते, फिर भी आप करोड़ों लोगों को इसमें नहाने के लिए मजबूर कर रहे हैं।
 
उन्होंने कहा कि आपका काम था कि या तो नालों को कुछ दिनों के लिए बंद कर देते या फिर उन्हें डायवर्ट कर देते ताकि लोगों को नहाते वक्त शुद्ध पानी मिल सके। आपको 12 साल पहले पता था कि कुंभ 12 साल बाद आएगा, फिर आपने इस संबंध में कोई प्रयास क्यों नहीं किए। जब पहले से पता था कि इतने लोग आएंगे और जगह सीमित है, तो इसके लिए योजना बनानी चाहिए थी। आपने कोई योजना नहीं बनाई।
 
शंकराचार्य ने कहा कि झूठा प्रचार किया गया, 144 साल की बात ही झूठ है। भीड़ प्रबंधन और आतिथ्य सिद्धांतों का पालन नहीं किया गया। जब लोग मर गए, तो उन्होंने इसे छिपाने की कोशिश की, जो एक गंभीर अपराध था। ऐसे में अगर कोई इसे नाम से पुकारेगा, तो हम इसका विरोध नहीं कर पाएंगे।

12:25 PM, 19th Feb
-भाजपा ने दिल्ली के पुर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आतिशी को दिया शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का फैसला। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव को भी मिला न्योता। 
-महाकुंभ को लेकर ममता बनर्जी के बयान पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने जो कहा वो ठीक ही कहा है। उनके लोगों की भी जान गई है। बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है। FIR भी दर्ज नहीं हो रही। इतने लोगों की जान गई है कि सरकार बता नहीं पा रही। अभी तक सबसे ज्यादा लोग इसी कुंभ में गुम हुए, सबसे ज्यादा लोगों की जान इसी कुंभ में गई है, सबसे ज्यादा लोग इसी कुंभ में बीमार हुए। इसका भाजपा के पास जवाब क्या है?
 

11:14 AM, 19th Feb
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दीया कुमारी ने जयपुर में विधानसभा में राज्य का बजट पेश किया।

10:43 AM, 19th Feb
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्‍यक्षता में सुबह 11.30 बजे होने वाली भाजपा संसदीय दल की बैठक में भी होगी दिल्ली सीएम के नाम पर चर्चा। 
 
दिल्ली का नया मुख्यमंत्री कौन होगा, यह बुधवार शाम होने वाली भाजपा के विधायक दल की बैठक में तय हो जाएगा। यह बैठक पार्टी की दिल्ली इकाई के कार्यालय में होगी और इसकी सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बैठक भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में होगी। हालांकि अब तक इनके नामों की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।
 
पार्टी नेताओं का मानना है कि मुख्यमंत्री पद के लिए जिन नामों की सार्वजनिक चर्चा हो रही है, उनके अलावा कुछ ऐसे नेता भी हैं जो इस दौड़ में ‘छुपे रुस्तम’ साबित हो सकते हैं।

10:09 AM, 19th Feb
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज को बुधवार को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, 'मैं छत्रपति शिवाजी महाराज को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनकी वीरता और उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने स्वराज्य की नींव रखी तथा पीढ़ियों को साहस और न्याय के मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। वह हमें एक मजबूत, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।
 
शिवाजी का जन्म 1630 में हुआ था। शिवाजी ने अपना साम्राज्य स्थापित करने के लिए मुगलों सहित अपने समय के कई मुस्लिम राजाओं से लड़ाई की। मराठा साम्राज्य को सबसे शक्तिशाली साम्राज्यों में से एक माना जाता है। शिवाजी महाराज न केवल सैन्य कौशल के लिए बल्कि प्रशासनिक कौशल के लिए भी जाने जाते थे।

08:04 AM, 19th Feb
सुप्रीम कोर्ट आज 2023 के कानून के तहत मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) एवं चुनाव आयुक्तों (EC) की नियुक्तियों के विरुद्ध दायर याचिकाओं पर सुनवाई करेगा। गौरतलब है कि 17 फरवरी को सरकार ने ईसी ज्ञानेश कुमार को अगला सीईसी नियुक्त किया है। नए कानून के तहत नियुक्त होने वाले वह पहले सीईसी हैं।

07:57 AM, 19th Feb
-विधायक दल की बैठक में आज भाजपा मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाएगी।
-प्रयागराज महाकुंभ में 38वें दिन भी उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़। अब तक 55 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में पवित्र स्नान कर चुके हैं। 
-महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती के मौके पर उत्साह का माहौल। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, दोनों उपमुख्यमंत्री अजित पवार और एकनाथ शिंदे समेत कई गणमान्य लोग शिवाजी की जन्मस्थली जुन्नार पहुंचेंगे।