• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Mallikarjun Kharge attacked the BJP government
Written By
Last Updated : बुधवार, 28 दिसंबर 2022 (12:38 IST)

खरगे बोले- भारत की मूल भावना पर प्रहार, खोद रहे हैं नफरत की खाई

खरगे बोले- भारत की मूल भावना पर प्रहार, खोद रहे हैं नफरत की खाई - Mallikarjun Kharge attacked the BJP government
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में भारत की मूल भावना पर लगातार प्रहार हो रहा है और नफरत की खाई खोदी जा रही है। उन्होंने पार्टी के 138वें स्थापना दिवस पर ध्वजारोहण के बाद यह भी कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और नफरत के खिलाफ लड़ने के लिए सबको साथ लेकर चलना होगा।
 
खरगे ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
 
खरगे ने कहा कि भारत की आजादी के आसपास कई दूसरे देश भी आजाद हुए थे लेकिन बहुत से देशों में सत्ता की बागडोर तानाशाही ने ले ली। भारत न सिर्फ सफल और मजबूत लोकतंत्र बना, बल्कि कुछ ही दशकों में हम आर्थिक, परमाणु, मिसाइल, सामरिक क्षेत्र में महाशक्ति बन गए। कृषि, शिक्षा, मेडिकल, सूचना प्रौद्योगिकी और सेवा क्षेत्र में भारत, दुनिया के शीर्ष देशों में शामिल हो गया।
 
उनका कहना था कि यह सब अपने आप नहीं हुआ। यह कांग्रेस की लोकतंत्र में आस्था के कारण हुआ, सभी को साथ लेकर चलने की हमारी विचारधारा के कारण यह सब कुछ हुआ, यह ज्ञान-विज्ञान में हमारे विश्वास के चलते हुआ और उस संविधान में पूरी आस्था की वजह से यह हुआ, जो सबको बराबरी के अधिकार और बराबरी के मौके देने की गारंटी देता है।
 
खरगे ने कहा कि सोनिया गांधी के पार्टी अध्यक्ष काल में, जब संप्रग की सरकार बनी थी, तब सूचना का अधिकार कानून, शिक्षा का अधिकार कानून, खाद्य सुरक्षा कानून, मनरेगा, वन अधिकार या भूमि अधिग्रहण कानून हो, अस्तित्व में आए। यह कांग्रेस की विचारधारा की छाप है, जो उसने जनता और देश पर छोड़ी है।
 
खरगे ने आरोप लगाया कि भारत की मूल भावना पर लगातार प्रहार हो रहा है। नफरत की खाई देशभर में खोदी जा रही है। लोग महंगाई, बेरोजगारी से त्रस्त हैं लेकिन सरकार को इसके बारे में कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें कांग्रेस पार्टी को समावेशी बनाने के लिए युवाओं और महिलाओं, वंचित तबकों और बुद्धिजीवियों को जोड़ना होगा एवं महंगाई, बेरोजगारी और नफरत के खिलाफ लड़ने के लिए सबको अपने साथ लेकर चलना होगा।
 
उन्होंने 'भारत जोड़ो यात्रा' का उल्लेख करते हुए कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में इसकी शुरुआत हो चुकी है। देशभर में फैले हमारे करोड़ों कार्यकर्ताओं को एक बार फिर से संजीवनी मिली है। यात्रा ने दिखा दिया है कि कांग्रेस की विचारधारा को देश में जबर्दस्त समर्थन मिल रहा है और इससे आज हमारे विरोधियों में घबराहट है।
 
उन्होंने कहा कि हम भारत के बेहतर भविष्य के लिए देशवासियों से इस संघर्ष में शामिल होने की विनती करते हैं, हम अपील करते हैं कि वे सब इस यात्रा में जुड़ें। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए हम तैयार हैं, यह भरोसा हम देश को देना चाहते हैं।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
कांग्रेस की गृहमंत्री को चिट्ठी, भारत जोड़ो यात्रा में राहुल की सुरक्षा में चूक