शनिवार, 5 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Haryana Assembly Election Voting
Last Modified: चंडीगढ़ , शनिवार, 5 अक्टूबर 2024 (01:12 IST)

Haryana Election : हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर मतदान आज, 1031 उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला

Haryana Election : हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर मतदान आज, 1031 उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला - Haryana Assembly Election Voting
Haryana Assembly Election : हरियाणा की 90 विधानसभाओं के लिए मतदान आज होगा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुडा, कांग्रेस प्रत्याशी विनेश फोगाट और जजपा के दुष्यंत चौटाला और 1027 अन्य उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। मतगणना 8 अक्टूबर को होगी।
 
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार राज्य की सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रही है, वहीं कांग्रेस एक दशक के बाद सरकार में वापसी की उम्मीद कर रही है। मतगणना 8 अक्टूबर को होगी। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि 2,03,54,350 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं जिनमें 8,821 मतदाता सौ वर्ष से अधिक उम्र के हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।
कुल 1031 उम्मीदवार 90 सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं जिनमें 101 महिलाएं हैं। इन उम्मीदवारों में 464 निर्दलीय लड़ रहे हैं। अग्रवाल ने शुक्रवार को कहा कि मतदान के लिए कुल 20,632 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव में किस्मत आजमा रहे प्रमुख दलों में भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो)-बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन और जननायक जनता पार्टी (जजपा)-आजाद समाज पार्टी (आसपा) गठबंधन हैं।
 
उम्मीदवारों ने पार्टी कार्यकर्ताओं से की मुलाकात : हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन उम्मीदवारों का पार्टी और बूथ कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान बृहस्पतिवार की शाम को समाप्त हो गया। भारतीय जनता पार्टी जहां सत्ता विरोधी लहर से पार पाने की उम्मीद कर रही है, तो वहीं कांग्रेस एक दशक के लंबे अंतराल के बाद वापसी की उम्मीद में सत्ता हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है।
निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीट के लिए मतदान आज सुबह सात बजे से शाम शाम बजे तक होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में निष्पक्ष एवं स्वतंत्र चुनाव के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रोहतक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
 
उनके एक सहयोगी ने बताया कि विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुनाव प्रचार के व्यस्त कार्यक्रम के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने अपने आवास पर पार्टी और बूथ कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। हुड्डा गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
 
पूर्व गृह त्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल विज आज अंबाला में पार्टी कार्यालय में थे और उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उनके करीबी सहयोगी ने यह जानकारी दी। ऐलनाबाद सीट से चुनाव लड़ रहे इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेता अभय सिंह चौटाला ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
इस बीच, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को अपनी पत्नी के साथ पंचकूला में मनसा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की और हवन-यज्ञ किया। उन्होंने नवरात्रि पर्व के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं भी दीं। सैनी ने मतदाताओं से मतदाताओं से अपील की कि वे लोकतंत्र को मजबूत करने के वास्ते 100 प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए अपने अपने घरों से बाहर निकलें और वोट डालें। लाडवा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा भारी बहुमत के साथ तीसरी बार राज्य में सरकार बनाएगी। (इनपुट भाषा)
Edited By : Chetan Gour
ये भी पढ़ें
भगवान शिव की जहां सप्तपदी हुई, वहीं विराजित हैं मां तारा देवी