1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. G23 group leaders express grief over Ashwini Kumar's resignation

कांग्रेस के 'जी 23' समूह के नेताओं ने अश्विनी कुमार के इस्तीफे पर जताया दुख

Ashwini Kumar
नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा और 'जी 23' समूह के कुछ अन्य नेताओं ने पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार के पार्टी छोड़ने पर मंगलवार को दुख जताया और कहा कि यह 'सामूहिक चिंता का विषय' है। पूर्व कानून मंत्री अश्विनी कुमार ने पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले मंगलवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया।
 
राज्यसभा में पार्टी के उपनेता शर्मा ने ट्वीट कर कहा कि हमारे मूल्यवान साथी अश्विनी कुमार का कांग्रेस छोड़ना देखकर दुख होता है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि पार्टी की 4 दशक सेवा करने वाला कोई व्यक्ति छोड़ गया। यह सामूहिक चिंता का विषय है।
 
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि अश्विनी कुमार के कांग्रेस छोड़ने की खबर दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। वे मेरे पुराने मित्र हैं और स्वतंत्रता सेनानी के परिवार से ताल्लुक रखते हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने ट्वीट किया कि दुखद। हमारे बीच मतभिन्नता थी, लेकिन यह बहुत ही सभ्य तरीके से थी। दुर्भाग्यपूर्ण है कि अश्विनी कुमार को यह फैसला करने के लिए विवश होना पड़ा।
 
शर्मा, तिवारी और हुड्डा 'जी 23' समूह के उन नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने अगस्त, 2020 में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कांग्रेस में संगठन चुनाव करवाने की मांग की थी।
अगला लेख
लालकिला हिंसा के आरोपी पंजाबी एक्टर दीप सिद्धू की सड़क दुर्घटना में मौत