शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Diwali celebration in India
Written By
Last Modified: गुरुवार, 4 नवंबर 2021 (17:45 IST)

दीपावली पर देशभर में दिखा उल्लास, पीएम मोदी ने नौशेरा में मनाई सैनिकों संग दिवाली

दीपावली पर देशभर में दिखा उल्लास, पीएम मोदी ने नौशेरा में मनाई सैनिकों संग दिवाली - Diwali celebration in India
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली सहित देशभर में आज दीपावली का त्योहार पूरे हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। देश में कोरोना माहमारी की रफ्तार धीमी पड़ने से लोगों त्योहार को लेकर उत्साह देखा गया। हालांकि प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली एनसीआर में इस बार पटाखों पर प्रतिबंध लगा हुआ है।

इस अवसर राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, केन्द्रीय मंत्रियों और अन्य नेताओं ने देशवासियों को बुराई पर अच्छाई और अंधकार पर प्रकाश की जीत के प्रतीक इस पर्व पर सुख समृद्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
 
प्रधानमंत्री ने नौशेरा में भारतीय सेना के जवानों के साथ दीपावली मनाई और मिठाई तथा फल बांटे। मोदी ने देश की रक्षा करने के लिए और बहादुरी से दुश्मनों से लड़ने के लिए जवानों की सराहना की। उन्होंने इस दौरान जमकर जवानों का उत्साहवर्धन किया। प्रधानमंत्री ने नौशेरा में सेना के कमांडरों से बातचीत की।
प्रधानमंत्री मोदी वर्ष 2014 से लगातार जवानों के साथ दीपावली मनाते आ रहे हैं। वह गुरुवार को दिल्ली से जम्मू हो कर राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में सैनिकों के साथ दीपावली मनाने पहुंचे। जम्मू हवाई अड्डे पर वह वायुसैनिकों से भी मिले।
 
 
इससे पहले राष्ट्रपति कोविंद ने टि्वटर पर दीपावली की शुभकामना में कहा कि दीपावली के शुभ अवसर पर मैं सभी देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। दीपावली बुराई पर अच्‍छाई की और अंधकार पर प्रकाश की विजय का पर्व है। आइए, हम सब मिलकर, इस त्‍योहार को स्‍वच्‍छ और सुरक्षित तरीके से मनाएं और पर्यावरण की रक्षा में योगदान करने का संकल्‍प लें।
मोदी ने ट्वीट किया कि दीपावली के पावन अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि यह प्रकाश पर्व आप सभी के जीवन में सुख, संपन्नता और सौभाग्य लेकर आए।
 
नायडू ने अपने संदेश में कहा कि जीवन का हर क्षण प्रकाश से आलोकित किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रख्यात कवि नीरज की पंक्ति- ‘जलाओ दिए पर रहे ध्यान इतना, अंधेरा धरा पर कहीं रह न जाए’- का उल्लेख करते हुए देश वासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दी।
 
उन्होंने कहा कि प्रिय देशवासियों को ज्योति-पर्व दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक, त्योहार श्री राम के जीवन के महान आदर्शों में हमारे विश्वास की पुष्टि करता है। हमारे जीवन में प्रकाश, सद्भाव और समृद्धि लाने वाला यह त्योहार सभी के जीवन में खुशियाँ और एक नया उत्साह लाए।
 
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि आपको और आपके पूरे परिवार को दीपावली के शुभ अवसर पर बधाई एवं शुभकामनाएं।
 
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया कि सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रकाश और खुशियों का यह पर्व सभी के जीवन को नई ऊर्जा, प्रकाश, स्वास्थ्य और समृद्धि से रोशन करे। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी ट्विटर पर बधाई देते हुए कहा कि मैं कामना करता हूं कि यह पवित्र त्योहार सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए।
 
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुभकामना संदेश में कहा, 'दीपक की रोशनी बिना किसी भेदभाव के सबके जीवन को रोशन करती है- यही दिवाली का संदेश है। हैप्पी दीवाली।'
 
उत्तर प्रदेश में धनतेरस से ही दीपावली का उत्सव दिख रहा है। वहां बाजारों में लोग त्योहार की जोरदार खरीदारी करते दिखे। अयोध्या में बुधवार को छोटी दिवाली पर दीपोत्सव और लेजर शो का भव्य कार्यक्रम हुआ जिसमें देश विदेश से लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में श्रीराम लला के दर्शन किए।
 
उत्तराखंड में दीपावली त्योहार उत्साह के साथ मनाया जा रहा है राज्यपाल (सेवानिवृत्त) लेफ्टीनेंट जनरल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सरहद पर तैनात देश के जवानों के साथ दीपावली मनाई।
 
अपने निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत राज्यपाल और मुख्यमंत्री दीपावली पर ईस्ट कैम्प, गढवाल स्काउट, माणा पहुंचे और सेना के जवानों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया। इस मौके पर उन्होंने जवानों को मिठाई खिलाकर खुशियां बांटते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में सरहदों पर तैनात देश के जवानों के जोश और जुनून पर हम सबको गर्व है।
 
राज्यपाल और धामी के ईस्ट कैंप पंहुचने पर सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जवानों के साथ दीपावली मनाने का मेरा सपना था। आज इस अवसर पर आपके बीच आकर में अभिभूत हूं। सेना के जवानों से मुलाकात के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री बद्रीनाथ मंदिर पहुंचे और भगवान बद्रीनाथ जी की पूजा अर्चना करते हुए देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
ये भी पढ़ें
Live : बाबा केदारनाथ की शरण में PM मोदी, करोड़ों की परियोजनाओं की देंगे सौगात