1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. delhi heat 21 february
Written By
पुनः संशोधित: मंगलवार, 21 फ़रवरी 2023 (09:00 IST)

दिल्ली में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, 53 साल में फरवरी का तीसरा सबसे गर्म दिन

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को गर्मी के तेवर सख्‍त नजर आए। सफदरजंग वेधशाला में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री अधिक 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह दिन 1969 के बाद से फरवरी का तीसरा सबसे गर्म दिन रहा।
 
पीतमपुरा में स्वचालित मौसम केंद्र ने अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से 10 डिग्री अधिक है।
नजफगढ़ और रिज स्टेशनों पर अधिकतम तापमान 34.6 और 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से नौ से 10 डिग्री अधिक है।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली में 26 फरवरी, 2006 को 34.1 डिग्री सेल्सियस का सर्वकालिक उच्च तापमान और 17 फरवरी, 1993 को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री दर्ज किया गया था।
 
आईएमडी के एक अन्य अधिकारी ने कहा, 'यह 1969-2023 की अवधि में दिल्ली में तीसरा सबसे अधिक तापमान है।'
 
आईएमडी की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों से पता चलता है कि राष्ट्रीय राजधानी में 26 फरवरी, 2021 को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
ये भी पढ़ें
सपा का योगी सरकार से सवाल, कब चलेगा आरोपी DM, SDM और अन्य अधिकारियों पर बुलडोजर?