1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Cyclone fengal effect in puduchery

चक्रवात फेंगल से पुडुचेरी में तबाही, उखड़े पेड़, बिजली आपूर्ति ठप

puduchery flood
Cyclone fengal : पुडुचेरी में चक्रवात फेंगल के चलते हुई भारी बारिश के कारण रविवार को जनजीवन प्रभावित हुआ। चक्रवाती तूफान के प्रभाव से कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए। शनिवार रात 11 बजे से अधिकतर इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप है।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पुडुचेरी में आज सुबह नौ बजे तक पिछले 24 घंटों में 46 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। चक्रवात फेंगल के कारण भारी बारिश हुई, जिसकी वजह से बुलीवर्ड सीमा के बाहरी इलाकों में सभी रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए। कई आवासीय कॉलोनियों में पानी भर गया और निवासी कई घंटों तक घरों से बाहर नहीं निकल पाए।

लोगों ने बताया कि सड़कों पर खड़े दोपहिया वाहन और कार बारिश के पानी में आंशिक रूप से डूब गईं और कई मकानों में पानी घुस गया।
 
बुजुर्ग लोगों का कहना है कि केंद्र शासित प्रदेश में प्रकृति का ऐसा कहर तीन दशक पहले भी देखने को मिला था। बारिश के चलते मुख्य मार्ग और सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। खेतों में फसलें भारी बारिश की मार झेल रही हैं।
 
परिवहन सेवाएं प्रभावित हुईं और पांडिचेरी हेरिटेज राउंड टेबल 167 जैसे स्वयंसेवी संगठनों ने राहत शिविरों में रह रहे लोगों को भोजन के पैकेट उपलब्ध कराने के लिए सरकार के प्रयासों में सहयोग दिया है।
 
अधिकारियों ने बताया कि कई प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान जारी है और बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से सैकड़ों लोगों को निकाला गया है। स्थानीय प्रशासन, पुलिस बल, सेना और विशेष बचाव दलों के समन्वित प्रयासों से अभियान कुशलतापूर्वक संचालित किया गया है। जीवा नगर और अन्य संवेदनशील इलाकों में लोगों को निकालने और आवश्यक राहत प्रदान करने के प्रयास जारी हैं। (भाषा)
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
LIVE: सतारा से लौटे एकनाथ शिंदे, कहा भाजपा तय करेगी CM कौन?