1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Cyclone Fengal is near pudduchery

चक्रवात फेंगल पुडुचेरी के पास स्थिर, अगले तीन घंटे में कमजोर पड़ने की संभावना

chennai rain
Cyclone fengal news in hindi : पुडुचेरी के निकट शनिवार को पहुंचा चक्रवात फेंगल केंद्र शासित प्रदेश के पास स्थिर बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, इसके अगले तीन घंटे में इसके धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है।
 
आईएमडी-क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अतिरिक्त महानिदेशक एस बालचंद्रन ने बताया कि पुडुचेरी में 46 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि चक्रवात ‘फेंगल’ ने शनिवार शाम साढ़े पांच बजे पुडुचेरी के पास पहुंचना शुरू किया था और रात साढ़े 10 बजे से रात साढ़े 11 बजे के बीच यह प्रक्रिया पूरी हुई। यह अब पुडुचेरी के करीब है।
 
उन्होंने कहा कि इसके धीरे-धीरे पश्चिम की ओर बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होकर उत्तर तटीय तमिलनाडु तथा पुडुचेरी पर एक गहरे दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है। पुड्डुचेरी में आज भी भारी बारिश की संभावना है। यहां से 12 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। 
फेंगल की वजह से पुड्डुचेरी और तमिलनाडु के साथ ही कर्नाटक और आंध्रप्रदेश में कई स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई। तूफान के चलते हुई भारी बारिश की वजह से चेन्नई में मरीना बीच समेत कई स्थानों पर पानी भर गया। यहां 80 कि मी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
 
इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि चेन्नई हवाई अड्डे पर निलंबित हवाई सेवाएं शनिवार आधी रात के बाद फिर से शुरू हो गईं लेकिन कई उड़ानें रद्द कर दी गईं या उनमें देर हुई।
 
तमिलनाडु के विल्लुपुरम जिले के मैलम में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से रविवार सुबह साढ़े पांच बजे तक 50 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पुडुचेरी में 46 सेंटीमीटर बारिश हुई। पुडुचेरी में हुई यह सबसे अधिक बारिश है। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर 2004 को केंद्र शासित प्रदेश में 21 सेमी बारिश हुई थी।
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
जानिए कौन हैं काश पटेल, जिन्हें ट्रंप ने बनाया FBI निदेशक