1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Congress leader Rahul Gandhi targets PM Modi

कांग्रेस ने कहा, डरा हुआ तानाशाह चाहता है मरा हुआ लोकतंत्र

rahul gandhi
Delhi CM Arvind Kejriwal arrested News: कांग्रेस ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया और दावा किया कि 'एक डरा हुआ तानाशाह मरा हुआ लोकतंत्र चाहता है'। ईडी ने आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में बृहस्पतिवार रात दिल्ली केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया।
 
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 'एक्स' पोस्ट में कहा- रोज जीत का झूठा दंभ भरने वाली अहंकारी भाजपा, विपक्ष को हर तरह से चुनाव के पहले ग़ैर क़ानूनी तरीक़े से कमज़ोर करने की कोशिश कर रही है।
भाजपा को जीत का भरोसा नहीं : उन्होंने कहा कि अगर सच में जीत का भरोसा होता तो संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों को ‘फ्रीज’ नहीं किया जाता। विपक्षी पार्टियों के नेताओं को ठीक चुनाव से पहले निशाना नहीं बनाया जाता।
 
खरगे ने दावा किया कि सच यह है कि भाजपा आने वाले चुनाव परिणाम से पहले ही डर गई है और बौखलाहट में विपक्ष के लिए हर तरह की मुश्किलें पैदा कर रही है। उन्होंने कहा- वक्त है बदलाव का! अबकी बार …सत्ता के बाहर !!
 
क्या कहा राहुल गांधी ने : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, डरा हुआ तानाशाह, एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है। उन्होंने दावा किया कि मीडिया समेत सभी संस्थाओं पर कब्ज़ा, पार्टियों को तोड़ना, कंपनियों से हफ्ता वसूली, मुख्य विपक्षी दल का अकाउंट ‘फ्रीज़’ करना भी ‘असुरी शक्ति’ के लिए कम था, तो अब चुने हुए मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी भी आम बात हो गई है।
 
उन्होंने कहा कि 'इंडिया' गठबंधन इसका मुंहतोड़ जवाब देगा। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के कारण दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को निशाना बनाना गलत और असंवैधानिक है। (भाषा/वेबदुनिया) 
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
लॉटरी किंग की कंपनी ने BJP और TMC को दिया चुनावी बॉण्ड के जरिए चंदा