क्या नूपुर शर्मा होंगी रायबरेली से भाजपा उम्मीदवार?
जल्द आ सकती है भाजपा उम्मीदवारों की तीसरी सूची
Nupur Sharma News: एक विवादित बयान के बाद मुस्लिम कट्टरपंथियों के निशाने पर आईं और लंबे समय से राजनीतिक परिदृश्य से गायब नूपुर शर्मा को भाजपा उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से उम्मीदवार बना सकती है। हालांकि फिलहाल इस बात की महज अटकलें ही हैं, आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
माना जा रहा है कि कट्टर हिन्दुत्व के चेहरे नूपुर शर्मा को भाजपा गांधी परिवार की परंपरागत सीट रायबरेली से मैदान में उतार सकती है। भाजपा की प्रवक्ता रह चुकीं नूपुर को विवादित बयान के बाद पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। नूपुर आमतौर पर टीवी डिबेट्स में भाजपा के पक्ष में अपनी बात रखते हुए नजर आती थीं। दरअसल, इन अटकलों को तब बल मिला जब अचानक नूपुर शर्मा ट्विटर पर ट्रैंड होने लगीं।
सोनिया गांधी के राजस्थान से राज्यसभा जाने के बाद इस सीट पर कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी का नाम चला था, लेकिन बाद में खबरें आईं कि प्रियंका चुनाव नहीं लड़ेंगी। किसी और को वहां से कांग्रेस उम्मीदवार बनाया जा सकता है। यदि रायबरेली सीट पर प्रियंका गांधी और नूपुर शर्मा का मुकाबला होता है तो कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।
रायबरेली सीट पर कांग्रेस का पलड़ा भारी : इस सीट पर आमतौर पर कांग्रेस का ही पलड़ा भारी रहा है, लेकिन 1977 में इस सीट पर जनता के पार्टी के राजनारायण चुनाव जीते थे, उन्होंने तब इंदिरा गांधी को हराया था। 1980 इंदिरा गांधी भी इस सीट पर चुनाव जीत चुकी हैं। इस सीट पर भाजपा के अशोक सिंह भी चुनाव जीत चुके हैं। करीब 15 साल (2004 से 2019) तक इस सीट से सोनिया गांधी सांसद रह चुकी हैं।
क्या कहा था नूपुर ने : नूपुर ने एक टीवी डिबेट के दौरान पैगंबर पर विवादित टिप्पणी की थी। भाजपा ने भी उस समय कहा था कि पार्टी ऐसी किसी भी विचारधारा के खिलाफ है, जो किसी भी धर्म या संप्रदाय का अपमान करती है। हालांकि पार्टी से निलंबित किए जाने के बाद नूपुर ने एक बयान में कहा था कि वे बिना शर्त अपनी टिप्पणी वापिस ले रही हैं। उन्होंने अपनी टिप्पणी को सही ठहराते हुए यह दावा भी किया कि मेरे सामने बार-बार हमारे भगवान शिव का अपमान किया गया, जिसे मैं बर्दाश्त नहीं कर पाई। अत: मैंने भी गुस्से में आकर कुछ बातें कह दीं।
BJP is considering the name of Nupur Sharma for Raibareli seat: sources pic.twitter.com/WoIK92UWKv
— Megh Updates

