1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Cambridge Analytica Congress links: BJP attacks Rahul Gandhi

वाइली ने ब्रिटिश संसद में किया यह खुलासा, भाजपा ने फिर साधा राहुल पर निशाना

Cambridge Analytica
नई दिल्ली। फेसबुक डेटा चोरी का खुलासा करने वाले कैम्ब्रिज एनालिटिका के पूर्व कर्मचारी क्रिस्टोफर वाइली के एक बयान को आधार बनाते हुए सत्तारूढ़ भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से माफी की मांग की और कहा कि उनका ‘पर्दाफाश’ हो गया है। वाइली ने ब्रिटिश संसद के हाउस ऑफ कामंस के डिजिटल, सांस्कृतिक, मीडिया और खेल मामलों से जुड़ी समिति के समक्ष अपनी गवाही में कहा कि कैम्ब्रिज एनालिटका ने भारत में व्यापक रूप से काम किया और उनका मानना है कांग्रेस ने उसकी सेवाएं ली थी।
 
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि खुलासा करने वाले ने सार्वजनिक रूप से इस बात की पुष्टि की है कि कांग्रेस उसकी क्लाइंट थी। राहुल गांधी ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस और राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले दिन से यह बात कह रही है और वाइली के बयान से पार्टी के रुख की पुष्टि होती है। 
 
प्रसाद ने कहा कि कैम्ब्रिज एनालिटका डेटा चोरी को लेकर कटघरे में है और गैर-कानूनी रास्तों से मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश करती है। कांग्रेस पार्टी को डेटा चोरी और मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। राहुल गांधी को कैम्ब्रिज एनालिटका के ब्रह्मशस्त्र के जरिये देश की चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए देश से माफी मांगने की जरूरत है। 
 
प्रसाद ने कांग्रेस के उन आरोपों को खारिज कर दिया कि भाजपा ने कंपनी की सेवाएं ली थी। केंद्रीय कानून मंत्री ने इसे झूठ का पुलिंदा’ बताया। (भाषा) 
अगला लेख
ब्रह्मपुत्र पर चीन नहीं दे रहा आंकड़े, भारत ने की 'नदी पर चर्चा'