1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Amit Shah answer to Rahul Bajaj on Pragya Thakur

साध्वी प्रज्ञा को लेकर राहुल बजाज ने पूछा सवाल, अमित शाह ने दिया जवाब

Amit Shah
मुंबई। साध्वी प्रज्ञा द्वारा नाथूराम गोडसे के समर्थन में की गई टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए देश के शीर्ष उद्योगपतियों में शुमार राहुल बजाज ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सवाल पूछा। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार और भारतीय जनता पार्टी ने नाथूराम गोडसे के संबंध में भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर की टिप्पणियों की कड़ी निंदा की है।
 
अमित शाह ने ‘इकोनॉमिक टाइम्स’ पुरस्कार समारोह में उद्योगपति राहुल बजाज की टिप्पणी का उत्तर देते हुए कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहले ही प्रज्ञा के बयान की निंदा कर चुके हैं और पार्टी ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि न तो सरकार और न ही भाजपा, इस प्रकार के बयानों का समर्थन करती है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।
 
दरअसल कार्यक्रम में प्रश्न-उत्तर का दौर चल रहा था। तभी उद्योगपति राहुल बजाज खड़े हुए और साध्वी प्रज्ञा का जिक्र करते हुए उन्होंने अमित शाह से सवाल कर दिया। इससे पहले राहुल बजाज ने कहा कि देश में डर का माहौल है और लोग सरकार की आलोचना करने से डरते हैं।
 
गृह मंत्री ने इन आरोपों का खंडन किया कि देश में डर का माहौल है। शाह ने कहा कि सरकार पारदर्शी तरीके से काम कर रही है। उन्होंने कश्मीर की स्थिति पर बात करते हुए उद्योगपतियों से अपील की कि वे अपने परिवार के साथ घाटी जाएं और वहां की वास्तविक स्थिति का जायजा लें।
 
उल्लेखनीय है कि प्रज्ञा ने बुधवार को लोकसभा में एसपीजी संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान उस वक्त विवादित टिप्पणी की थी जब द्रमुक सदस्य ए राजा महात्मा गांधी की हत्या को लेकर गोडसे के अदालत में दिए बयान के बारे में बोल रहे थे। प्रज्ञा की टिप्पणी को सदन की कार्यवाही में शामिल नहीं किया गया था। बाद में प्रज्ञा ने दो बार संसद में अपनी इस टिप्पणी के लिए माफी मांगी।
अगला लेख
खौफनाक, साढ़े तीन साल में असम में 6500 से ज्यादा बलात्कार