1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Air India flight makes emergency landing in Kochi

Air India के विमान की आपात लैंडिंग, प्याज की बदबू से यात्री हुए परेशान

Air India Plane
Emergency landing of Air India Plane : केरल के कोच्चि से 175 यात्रियों को लेकर शारजाह रवाना हुए एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान में तेज बदबू और जलने की गंध आने की वजह से उसे वापस लौटना पड़ा। इस दुर्गंध की वजह विमान के कार्गो (माल) क्षेत्र में रखे प्याज के एक डिब्बे को माना जा रहा है।
 
एयरलाइन के एक सूत्र ने गुरुवार को बताया कि दो अगस्त को यहां से शारजाह के लिए रवाना हुई एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (IX 411) में सवार एक यात्री ने विमान के अंदर कुछ ‘जलने’ की दुर्गंध आने की शिकायत की। बाद में कुछ और यात्रियों ने भी कहा कि विमान में ‘तीक्ष्ण गंध’ आ रही है, जिसके बाद विमान को एहतियात के तौर पर वापस यहां कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीआईएएल) पर उतारना पड़ा।
 
एयरलाइन के एक सूत्र ने बताया कि इंजीनियरिंग टीम ने विमान का निरीक्षण किया और शुरुआती निष्कर्षों में धुएं यातकनीकी समस्याओं का कोई सबूत नहीं मिला। सूत्र ने बताया, प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि हो सकता है कि विमान में ले जाए जा रहे प्याज या सब्जियों से बदबू आ रही हो।
 
सूत्र ने बताया कि चूंकि किसी ने विमान के अंदर दुर्गंध की सूचना दी थी, इसलिए एहतियात के तौर पर विमान को वापस लाने का फैसला लिया गया। विमान में सवार कांग्रेस के विधायक मैथ्यू कुझलनादन ने कहा कि यात्रियों के बीच गहमागहमी और असमंजस का माहौल था, लेकिन विमान को सुरक्षित रूप से उतार लिया गया।
 
निजी यात्रा पर शारजाह जा रहे विधायक ने कहा, सच कहूं तो मैं विमान में सवार होते ही सो गया था। हालांकि जब मैं घोषणा होने पर उठा, तो लोगों के बीच गहमागहमी व असमंजस की स्थिति थी। जब कैप्टन ने घोषणा की कि हम वापस लौट रहे हैं तो हर कोई चिंतित हो गया और थोड़ा घबरा गया।
 
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए यात्रियों के वास्ते दूसरे विमान की व्यवस्था की, जो सुबह पांच बजकर 14 मिनट पर रवाना हुआ। एयरलाइन के सूत्र ने कहा कि यह गंध विमान के कार्गो क्षेत्र में रखी प्याज या सब्जियों से आ रही होगी।
 
पश्चिम एशिया जाने वाले एयर इंडिया एक्सप्रेस विमानों के कार्गो क्षेत्र में बड़ी मात्रा में सब्जियां, फल और फूल ले जाए जाते हैं, जो विमानन कंपनी के लिए आय का एक अच्छा स्रोत भी है। सूत्र ने कहा, हम विशेष रूप से खाड़ी के देशों में न केवल यात्री, बल्कि कृषि उत्पाद भी ले जाते हैं।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
अगला लेख
सेंसेक्स 542 अंक लुढ़का, निफ्टी भी टूटा