1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Big accident averted with Air India

Air India के साथ बड़ा हादसा टला, नेपाल में हवा में दूसरी फ्लाइट टकराने से बचा विमान

Air India
काठमांडू। नेपाल में शुक्रवार को एयर इंडिया और नेपाल एयरलाइंस के विमान बीच हवा में भिड़ने वाले थे, तभी चेतावनी प्रणाली ने पायलटों को सतर्क कर दिया और उनके तुरंत हरकत में आने से एक बड़ा हादसा टल गया।
 
अधिकारियों ने रविवार को यहां यह जानकारी दी। नेपाल के नागर विमानन प्राधिकरण (सीएएएन) ने लापरवाही के आरोप में हवाई यातायात नियंत्रण विभाग के 3 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। सीएएएन के प्रवक्ता जगन्नाथ निरूला ने यह जानकारी दी।
 
शुक्रवार सुबह मलेशिया के कुआलालंपुर से काठमांडू आ रहे नेपाल एयरलाइंस के एयरबस ए-320 विमान और नई दिल्ली से काठमांडू आ रहे एयर इंडिया के विमान की भिड़ंत होने वाली थी।
 
निरूला ने कहा कि एयर इंडिया का विमान 19 हजार फुट की ऊंचाई से नीचे की ओर आ रहा था, जबकि नेपाल एयरलाइंस का विमान उसी समय 15 हजार फुट की ऊंचाई पर उड़ रहा था।
 
प्रवक्ता ने कहा कि जब रडार पर दिखा कि 2 विमान आसपास हैं, तो नेपाल एयरलाइंस का विमान नीचे उतरकर 7 हजार फुट की ऊंचाई पर आ गया।
 
नागर विमानन प्राधिकरण ने मामले की जांच के लिए 3 सदस्यीय समिति बनाई है। सीएएएन ने घटना के समय नियंत्रण कक्ष में तैनात रहे 3 अधिकारियों को निलंबित कर दिया। इस घटना पर एयर इंडिया की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।Edited By : Chetan Gour (भाषा)
अगला लेख
वॉशिंगटन में खालिस्तान समर्थकों ने दी धमकी, भारतीय दूतावास के सामने हिंसा भड़काने की कोशिश