Top News : ईरान-अमेरिका सीजफायर, पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर क्या बोले पीएम मोदी?
Top News 22 April : अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर की अवधि बढ़ने से दुनिया ने राहत की सांस ली है। हालांकि स्ट्रेट ऑफ हार्मुज को लेकर दोनों देशों में तनाव बढ़ा हुआ है। अमेरिका ने यहां नाकेबंदी जारी रखने और ईरान ने इसे बंद रखने का फैसला किया है। पाकिस्तान ने युद्धविराम को आगे बढ़ाने संबंधी ट्रंप के फैसले का स्वागत किया है। पहलगाम की बायसरन घाटी में हुए आतंकी हमले की आज पहली बरसी है। आईपीएल के एक मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से हराया। 22 अप्रैल की बड़ी खबरें :
सीजफायर बढ़ा, नाकेबंदी जारी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान के अनुरोध पर ईरान के साथ सीजफायर की अवधि बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि मैं युद्धविराम को तब तक के लिए बढ़ा रहा हूं, जब तक कि उनका प्रस्ताव जमा नहीं हो जाता और चर्चाएं पूरी नहीं हो जातीं। हालांकि, ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट में नाकेबंदी जारी रखने का सख्त निर्देश दिया है। ट्रंप का दावा है कि ईरान की सरकार बंटी हुई है और वह जल्द ही एक बड़े समझौते के लिए मजबूर होगा।
ALSO READ: डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा एलान: ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाया, नाकेबंदी बरकरार
नाकेबंदी जारी तो दुश्मनी भी जारी
ईरान ने सीजफायर को छलावा बताते हुए साफ कर दिया कि नाकेबंदी जारी रही तो दुश्मनी भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नाकेबंदी जारी रहने तक हार्मुज भी नहीं खुलेगा। ईरानी सेना की अमेरिका को चेतावनी- अगर हमला किया तो करारा जवाब मिलेगा।
शहबाज को शांति समझौते की उम्मीद
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ट्रंप के सीजफायर बढ़ाने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हमारे अनुरोध को स्वीकार करते हुए युद्धविराम को आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है, ताकि राजनयिक प्रयासों को पूरा होने का मौका मिल सके। पाकिस्तान संघर्ष के समाधान के लिए अपनी ईमानदार कोशिशें जारी रखेगा।
मैं पूरी उम्मीद करता हूं कि दोनों पक्ष युद्धविराम का पालन करना जारी रखेंगे और संघर्ष को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए इस्लामाबाद में निर्धारित वार्ता के दूसरे दौर में एक व्यापक 'शांति समझौते' पर पहुंचने में सफल होंगे।
पहलगाम हमले की बरसी
22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम की बायसरन घाटी में हुए आतंकी हमले की आज पहली बरसी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा- पिछले साल आज ही के दिन पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले में अपनी जान गंवाने वाले मासूमों को श्रद्धांजलि। उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। मेरी संवेदनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं जो इस अपूरणीय क्षति से उबरने का प्रयास कर रहे हैं। एक राष्ट्र के रूप में, हम दुख और संकल्प में एकजुट हैं। भारत कभी भी किसी भी प्रकार के आतंकवाद के आगे नहीं झुकेगा। आतंकवादियों के घिनौने मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।
ALSO READ: पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी: पीएम मोदी बोले, 'आतंकवाद के आगे नहीं झुकेगा भारत'
हैदराबाद की दिल्ली पर शानदार जीत
अभिषेक शर्मा की शानदार शतकीय पारी के बाद ईशान मलिंगा की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से हराया। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट पर 242 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 195 रन ही बना सकी।
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें