350 वीडियो, 180 लड़कियां, शोषण और ब्लैकमेलिंग, 19 साल के मोहम्मद अयाज ने मुंबई से पुणे तक कर दिया खौफनाक कांड
महाराष्ट्र के अमरावती में एक ऐसे युवक को गिरफ़्तार किया गया है, जिस पर कम से कम 180 नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण करने और 350 से ज़्यादा अश्लील वीडियो बनाने का आरोप है। पुलिस ने एक BJP सांसद की शिकायत के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए यह गिरफ़्तारी की। युवक की उम्र महज 19 साल है। उसका नाम मोहम्मद अयान अहमद उर्फ तनवीर अहमद है।
अयान अहमद मुख्य आरोपी है। उस गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। अदालत ने उसे 21 अप्रैल 2026 तक पुलिस कस्टडी में भेजा है। पुलिस ने उसके मोबाइल से कई आपत्तिजनक वीडियो जब्त किए हैं। इन वीडियो की जांच की जा रही है और उनमें रही लड़कियों की पहचान करने की कोशिश चल रही है। अभी तक आठ पीड़ितों की पहचान हो चुकी है, जबकि बाकी की पहचान का काम जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह जांच बहुत संवेदनशील है। इसलिए पीड़िताओं की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जा रही है। महिला पुलिस अधिकारियों को इस काम में लगाया गया है, ताकि पीड़िताएं बिना किसी दबाव के अपनी बात रख सकें। इस मामले में एक और महत्वपूर्ण बात सामने आई है कि कुछ डेटा डिलीट किया गया था। पुलिस की साइबर टीम अब उसे रिकवर करने की कोशिश कर रही है। माना जा रहा है कि इससे कई और तथ्य सामने आ सकते हैं।
सीएम फडणवीस ने लिया संज्ञान : अमरावती के पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है। बावनकुले ने कहा कि मैंने DGP से बात की है, क्योंकि यह एक बहुत बड़ा मुद्दा है। इस मामले के कई पहलू हैं, जिनका ज़िक्र अभी मीडिया में नहीं किया जा सकता। हम जांच करेंगे और आरोपी के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई करेंगे।
पहले यौन शोषण, फिर ब्लैकमेलिंग : नागपुर से 180 किलोमीटर दूर, पास के शहर परतवाड़ा और अचलपुर इस स्कैंडल से हिल गए। जो 180 वीडियो बरामद हुए हैं उनमें वह नाबालिग लड़कियों से ज़बरदस्ती करते हुए दिखाई दे रहा है। आरोप है कि अयान अहमद इन वीडियो का इस्तेमाल लड़कियों को ब्लैकमेल करने और उन्हें वेश्यावृत्ति में धकेलने के लिए किया गया। इनमें से कुछ वीडियो ऑनलाइन भी बड़े पैमाने पर शेयर किए गए।
अयान के साथ कोई और भी शामिल : आरोपी अयान अहमद तनवीर अहमद पर आरोप है कि उसने लड़कियों को रिश्तों में फंसाया, फिर उनकी मर्ज़ी के बिना वीडियो बनाते हुए उनके साथ शारीरिक और यौन शोषण किया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि कुछ वीडियो में आरोपी खुद भी दिखाई दे रहा है। वीडियो को देखकर शक है कि किसी दूसरे साथी ने भी इस यौन शोषण का वीडियो बनाने में उसकी मदद की होगी।
कांड पर गरमाई राजनीति : इस मामले ने अब राजनीतिक रूप भी ले लिया है। विपक्ष ने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। वहीं सत्ताधारी पक्ष का कहना है कि जैसे ही मामला सामने आया, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। इसी बीच आरोपी के कथित राजनीतिक संबंधों को लेकर भी चर्चा हो रही है। कुछ नेताओं ने आरोप लगाया है कि आरोपी एक राजनीतिक दल से जुड़ा हुआ था। हालांकि संबंधित दल के स्थानीय पदाधिकारियों ने कहा है कि आरोपी को संगठन से हटा दिया गया है
अचलपुर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। कुछ नेताओं ने एसआईटी गठन की भी बात कही है, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके। परतवाड़ा पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि अब तक किसी पीड़िता ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन उनसे संपर्क किया जा रहा है। पुलिस ने साफ किया है कि पीड़िताएं किसी भी थाने में जीरो FIR दर्ज करा सकती हैं और उनकी पहचान सुरक्षित रखी जाएगी।
Edited By: Naveen R Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें