Good bye to MJ, Michale Jackson, Funeral | किंग ऑफ पॉप को नम आँखों से बिदाई
बहुत याद आओगे माइकल ...
|
यह पॉप कल्चर में एक ऐसी घटना है जो लंबे समय तक लोगों के मन में धड़कती रहेंगी। शायद मर्लिन मुनरो की विवादास्पद मौत के बाद माइकल जैक्सन की मौत ऐसी मौत है जिस पर बरसों-बरस तक बहसें होती रहेंगी, सुर्खियाँ बनती रहेंगी और यह अद्भुत-विरल सिंगर-डांसर्स लोगों को याद आता रहेगा। किसी गीतकार ने लिखा था कि एक दिन बिक जाएगा माटी के मोल, जग में रह जाएँगे प्यारे तेरे बोल। यह तो नहीं कहा जा सकता कि माइकल जैक्सन माटी के मोल बिके लेकिन यह तो निर्विवाद कहा ही जा सकता है कि उनके प्यारे बोल भी जग में हमेशा के लिए रह जाएँगे और उससे भी ज्यादा उनके डांस इस जग में रह जाएँगे। यह आकस्मिक नहीं है कि उनकी मृत्यु के बाद ही एक दिन में उनके एलबम्स से कंपनियों को करोड़ों रुपयों की आय हुई। यह एक छोटी सी ही बात यह बताती है कि मरने के बाद भी इस फनकार के प्रति लोगों में किस दीवानगी की हद तक मोहब्बत है।
इस मोहब्बत का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि लॉस एंजिल्स में उसे आखिरी बिदाई देने के लिए आ रहे लोगों को सँभालने में पुलिस ने अपनी असमर्थता जताई है। अपुष्ट खबर है कि इस बिदाई के लिए सत्रह सौ बच्चों को टिकट दिए गए हैं। नौ हजार के लगभग टिकट मुफ्त बाँटे गए हैं। कहा तो यह भी जा रहा है कि इस आखिरी बिदाई में शामिल होने के लिए लोग ब्लैक में दस-दस हजार डॉलर्स में टिकट खरीद रहे हैं। आखिरी बिदाई देने के लिए एक बड़ा कंसर्ट आयोजित किया जा रहा है जिसमें कुछ मशहूर कलाकार भाग ले रहे हैं। इनमें मारिया कैरी से लेकर जेनिफर हडसन शामिल होंगे।
इसके अलावा आंद्रे क्राउट कोएर, बेरी गोर्डी, शाहीन, ब्रुक शील्ड्स, स्टीवन वेंडस जैसे सेलिब्रिटीज भी शामिल होंगी। दुनिया के तमाम नेटवर्क इस आखिरी बिदाई का सीधा प्रसारण करेंगे। यह कहा ही जाना चाहिए कि माइकल जैक्सन ने अपने डांस के जरिये जो चमत्कारिक प्रयोग किए, जिस तरह से अन्य डांस की खूबियों को मिलाकर नए डांस ईजाद किए उसके कारण वे हमेशा याद किए जाते रहेंगे।

