सम्बंधित जानकारी
- बीड सरपंच हत्या मामला : जांच को लेकर BJP विधायक ने अजित पवार पर साधा निशाना, NCP ने जताई आपत्ति
- फडणवीस ने बीड में सरपंच हत्या मामले पर कहा, विपक्ष हर घटना का राजनीतिकरण कर रहा
- शिवसेना विधायक के बिगड़े बोल, शराब, मटन के लिए बिक गए वोटर्स, आपसे अच्छी तो वेश्या
- Maharashtra Politics : संजय राउत का दावा, सांसदों को तोड़ने की कोशिश कर रहे अजित पवार
- Ramgiri Maharaj : रामगिरी महाराज की मांग 'वंदे मातरम्' हो भारत का राष्ट्रगान, जितेंद्र आव्हाड़ बोले- जूते से पीटने का समय आ गया
Beed Sarpanch Murder : क्या हत्यारों को था राजनीतिक समर्थन, सरपंच के परिजन बोले- जांच से होगा मामले का खुलासा
Beed Sarpanch Murder Case : बीड जिले में मसाजोग गांव के मारे गए सरपंच संतोष देशमुख के भाई धनंजय देशमुख ने बृहस्पतिवार को कहा कि आरोपी बिना किसी संरक्षण के वारदात को अंजाम नहीं दे सकते थे और जांच से यह स्पष्ट हो जाएगा कि क्या उन्हें राजनीतिक समर्थन प्राप्त था। पुलिस ने इस मामले में अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। देशमुख ने यह भी मांग की है कि अधिकारी घटना के एक महीने बाद भी फरार एक आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ें और उनके भाई की हत्या में शामिल सभी लोगों को कड़ी सजा दी जाए।
पवनचक्की परियोजना से जुड़ी एक ऊर्जा फर्म से जबरन वसूली के प्रयास का विरोध करने पर संतोष देशमुख की 9 दिसंबर को अपहरण और यातना के बाद हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी अब भी फरार है।
राकांपा नेता एवं महाराष्ट्र सरकार में मंत्री धनंजय मुंडे के सहयोगी वाल्मीक कराड को जबरन वसूली से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। बृहस्पतिवार को छत्रपति संभाजीनगर जिले के पैठन में स्थानीय लोगों ने हत्या में शामिल सभी लोगों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग को लेकर विरोध मार्च निकाला।
पैठन में धनंजय देशमुख ने दावा किया, संगठित अपराध जारी है और अपराधियों को कोई डर या पछतावा नहीं है। जो लोग उन्हें संरक्षण दे रहे हैं, उन्होंने कहा होगा कि हम देख लेंगे, चिंता करने की कोई बात नहीं। उन्होंने कहा, आरोपी बिना संरक्षण के ऐसा कृत्य नहीं कर सकते। लेकिन उन्हें राजनीतिक समर्थन प्राप्त है या नहीं, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो जाएगा। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने हमसे वादा किया है कि (मामले में शामिल लोगों के) गिरोह का आखिरी व्यक्ति भी पकड़ा जाएगा।
धनंजय देशमुख ने कहा कि वे पहले दिन से मांग कर रहे हैं कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने कहा, एक महीना बीत चुका है, फिर भी एक आरोपी अब भी फरार है। ऐसे कई और लोग हैं जिन्होंने इन लोगों (आरोपियों) की मदद की। उन्हें संरक्षण प्राप्त है, इसलिए उन्होंने (सरपंच की हत्या का) ऐसा कृत्य किया।
मृतक सरपंच के भाई और बेटी ने मंगलवार को मुंबई में मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात की और न्याय की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री से यह भी कहा कि मामले के आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
Edited By : Chetan Gour
