मोहन सरकार की 2 साल की उपलब्धियों की विधानसभा में गूंज, पोस्टर के साथ नजर आए भाजपा विधायक
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार को एक अलग ही नजारा नजर आया है। शीतकालीन सत्र के पहले चार दिन जहां कांग्रेस विधायक विधानसभा के गेट पर अलग-अलग अंदाज में प्रदर्शन कर सरकार को घेर रहे थे तो शुक्रवार को विधानसभा के मुख्य गेट पर भाजपा विधायकों ने प्रदेश में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने पर प्रदर्शन किया। भाजपा विधायक विकास और विरासत के 2 साल के पोस्टर हाथ में लिए पहुंचे और बताया कि 2 साल में कैसे मोहन सरकार में प्रदेश आगे बढ़ा है। भाजपा के विधायकों के इस प्रदर्शन को पिछले कई दिनों से कांग्रेस द्वारा किए जा रहे प्रदर्शनों का जवाब माना जा रहा है।
दरअसल विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष सरकार के दो साल के कामकाज पर सवाल उठा रहा था। इसके जवाब में शुक्रवार को भाजपा विधायकों ने मोहन यादव सरकार के दो साल के कार्यकाल में राज्य कितना बदला है, इसका लेखा-जोखा देने वाले पोस्टर के साथ भाजपा विधायक विधानसभा परिसर में पहुंचे।
पोस्टरों पर "मोदी-मोहन का साथ, डबल इंजन से तेज विकास। मध्य प्रदेश बने निवेश का दरबार, मोहन यादव सरकार लगातार तैयार। राज्य में निवेश बढ़ा, विकास बढ़ा" जैसे स्लोगन लिखे हुए थे। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि मोहन सरकार के दो साल के कार्यकाल में मध्य प्रदेश इंडस्ट्रीज का हब बन गया है और आज प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार आगे बढ़ रहा है और प्रदेश में आज औद्योगिक क्रांति हो रही है। किसानों को भावांतर योजना का लाभ देने के साथ गरीबों के पक्के मकान बनाए जा रहे है। प्रदेश में सांस्कृतिक अभ्युदय हो रहा है और प्रदेश लगातार विकास की नई रफ्तरा को छू रहा है।