MP के इन 10 शहरों में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड, नौतपा से पहले 45°C पार पहुंचा पारा
मध्यप्रदेश में सूरज मानो आग के गोले फेंक रहा हो। झुलसा देने वाली भीषण गर्मी और तेज लू ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। तेज धूप और प्रचंड गर्मी के कारण जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रदेश के कई क्षेत्रों में सीवियर हीटवेव का असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। मध्यप्रदेश के 22 शहरों में पहली बार इस सीजन पारा 44°C के पार गया। मौसम विभाग के अनुसार नौगांव और खजुराहो के बाद दतिया तीसरा सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 45.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राजगढ़ में 45.6 डिग्री, दमोह में 45.5 डिग्री, शाजापुर, टीकमगढ़, गुना और सागर में 45.2 डिग्री, सतना में 45.1 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा के दौरान गर्मी का असर और तेज हो सकता है। अनुमान के मुताबिक अगले 7 दिनों तक तापमान में किसी बड़ी गिरावट के संकेत नहीं हैं। प्रदेश की राजधानी भोपाल में 44.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
इंदौर में 42.7 डिग्री, उज्जैन में 43.8 डिग्री और जबलपुर में 44.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार अभी प्रदेश के लगभग सभी क्षेत्रों में तापमान हाईर साइड में बना रहेगा। ऐसा कोई मजबूत वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं है, जिससे बारिश या थंडरस्टॉर्म होकर तापमान में गिरावट आ सके। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन प्रदेश में भीषण गर्मी बने रहने और तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। कई शहरों में लू जैसे हालात बने हुए हैं। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें