स्पेन में सीएम डॉ. मोहन यादव ने विदेश मंत्री गुइलोट से की अहम बैठक, जानें किन बातों पर हुई चर्चा, एमपी को क्या होगा लाभ?
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पेन यात्रा के तीसरे दिन 18 जुलाई को बार्सिलोना में मर्काबारना फल-सब्जी बाजार का भ्रमण किया। यहां उन्होंने अलग-अलग फलों और सब्जियों की जानकारी ली। उन्होंने फलों की क्वालिटी और पैकिंग के अंदाज को भी देखा। उन्हें यह जगह काफी पसंद आई। इस मौके पर मर्काबारना के सीईओ पाब्लो विलानोवा ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके अलावा सीएम डॉ. मोहन यादव ने कैटेलोनिया के विदेश मंत्री जैम डच गुइलोट के साथ अहम बैठक की। इस बैठक में दोनों के बीच साझेदारी और सहयोग पर चर्चा हुई।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज मर्काबारना का भ्रमण किया। यह 250 एकड़ का बड़ा कैंपस है। यहीं फल-सब्जियों-फसलों को एक साथ बेचा जाता है। हमारे प्रदेश के किसानों को देखते हुए यह उल्लेखनीय जगह है। क्योंकि, यहां न केवल माल बेचने के लिए किसानों को जगह दी गई है, बल्कि प्रोसेसिंग की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे फसलें अगर ज्यादा हो तो बेहतर प्रबंधन किया जा सकता है। यहीं से किसानों के उत्पाद स्पेन के अलावा दूसरे देशों में भी जाते हैं।
मध्यप्रदेश में भी सिंचाई का रकबा बड़े पैमाने पर बढ़ रहा है। फसलों का उत्पादन भी अच्छा हो रहा है। ऐसे में हमनों फलों के उत्पादन के लिए भी प्रयास तेज किए हैं। इसलिए यह एक आदर्श जगह है, जहां सरकार के माध्यम से समाज को जोड़कर प्रदेश में इस तरह का मॉडल खड़ा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि फसलें ज्यादा हो जाती हैं उनके दाम गिर जाते हैं। इसलिए दाम नीचे गिराने से बचाने के लिए और फसलों को निर्यात करने के लिए इस तरह की जगह का इस्तेमाल किया जा सकता है।
इस तरह की जगह किसानों और मध्यप्रदेश की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए एक टर्निंग पॉइंट हो सकता है। हमने देखा कि यहां प्रोसेसिंग की अलग-अलग यूनिट है, व्यापारियों के लिए रुकने की जगह भी है, होटल है, पर्याप्त लेबर है, ट्रांसपोर्टेशन की व्यवस्था है, फूड प्रोसेसिंग की व्यवस्था है, वेयर हाउस भी बड़े-बड़े हैं। यह पूरी तरह एयर कंडीशन्ड है, इस तरह उत्पाद की शुद्धता पर भी ध्यान दिया जाता है। बता दें, मर्काबारना के सीईओ पाब्लो विलानोवा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे का स्वागत किया। उन्होंने सहयोग की मजबूत संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने बाजार के बुनियादी ढांचे, जानकारियों के आदान-प्रदान और बेहतर वितरण प्रणालियों के महत्व पर बल दिया। उन्होंने उन क्षेत्रों पर जोर दिया जिन पर मध्यप्रदेश और स्पेन मिलकर काम कर सकते हैं।
अकादमिक साझेदारी की दिशा में हो सकती है पहल
दूसरी ओर, सीएम डॉ. मोहन यादव और कैटेलोनिया के विदेश मंत्री जैम डट गुइलोट के बीच इस बात पर चर्चा हुई कि उच्च शिक्षा और शोध में सहयोग के लिए मध्यप्रदेश के प्रमुख संस्थानों आईआईटी इंदौर, आईआईएसईआर और बार्सिलोना के विश्वविद्यालयों के बीच अकादमिक साझेदारी की दिशा में पहल की जा सकती है। फूड प्रोसेसिंग, वस्त्र निर्माण (Textiles) और नवीकरणीय ऊर्जा (Renewable Energy) जैसे क्षेत्रों में निवेश और तकनीकी सहयोग के लिए कैटलोनिया की कंपनियों से सीधा संवाद किया जा सकता है। सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहन के लिए मध्यप्रदेश और कैटलोनिया के बीच साझा कार्यक्रम किए जा सकेत हैं। इनमें प्रदर्शन कला, साहित्य, सिनेमा और संग्रहालय में सहयोग जैसे पहलू शामिल हैं।
जॉइंट टूरिज्म अभियान पर फोकस-दोनों के बीच इस बात भी चर्चा हुई कि एफसी बार्सिलोना फाउंडेशन जैसे संगठनों के साथ खेल, युवा नेतृत्व और जीवन कौशल कार्यक्रमों में साझेदारी की जा सकती है। मध्यप्रदेश के विश्व धरोहर स्थलों खजुराहो, सांची, भीमबेठका को यूरोप में प्रमोट करने के लिए जॉइंट टूरिज्म प्रचार अभियान। चलाया जा सकता है। साथ ही, स्मार्ट सिटी, शहरी परिवहन और हरित भवन जैसे क्षेत्रों में कैटलोनिया की विशेषज्ञता का उपयोग करते हुए तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया जा सकता है। दोनों के बीच इस बात पर चर्चा हुई कि ठोस परियोजनाओं और उस पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए एक संयुक्त कार्य समूह (Joint Working Group) का गठन भी किया जा सकता है।