1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. BJP MLA Narayan Tripathi announced to form Vindhya Janata Party

मध्यप्रदेश में भाजपा को बड़ा झटका, नारायण त्रिपाठी ने विंध्य जनता पार्टी बनाने का किया एलान

BJP MLA
भोपाल। मध्यप्रदेश में चुनावी साल में सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा को बड़ा झटका लगा है। भाजपा के विधायक और विंध्य के बड़े नेताओं में शुमार नारायण त्रिपाठी ने अपनी अलग पार्टी बनाने का एलान किया है। अलग पार्टी बनाने का एलान करने के साथ नारायण त्रिपाठी ने विंध्य की 30 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। नारायण त्रिपाठी ने अलग विंध्य प्रदेश की मांग को लेकर पार्टी से बागवत की है।

वर्तमान में मैहर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने मंगलवार को सतना में एक कार्यक्रम में अलग पार्टी बनाने का एलान करने के साथ लोगों से कहा कि तुम मुझे 30 दो, मैं तुम्हें 2024 में विंध्य दूंगा। नारायण त्रिपाठी ने पार्टी के नाम का खुलासा करते हुए कहा विंध्य जनता पार्टी विंध्य की सभी 30 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। गौरतलब है कि नारायण त्रिपाठी ने पिछले लंबे समय से विंध्य प्रदेश की मांग कर रहे थे। 4 बार के विधायक नारायण त्रिपाठी की गिनती विंध्य के दिग्गज नेता के तौर पर होती है।

अगर देखा जाए तो विंध्य की राजनीति में नारायण त्रिपाठी वह नाम है जो सपा,कांग्रेस और भाजपा के टिकट पर पिछले चार चुनावों से विधानसभा पहुंचते रहे है। नारायण त्रिपाठी पिछले कुछ दिनों से लगातार भाजपा से बागी तेवर अपनाए हुए थे। उन्होंने भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा के लोकार्पण की मांग को लेकर धरना भी दिया था।  

भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी के अलग से पार्टी बनाने और चुनाव लड़ने का एलान के बाद अब भाजपा ने उनके खिलाफ कार्रवाई के संकेत दिए है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि नारायण त्रिपाठी के मसले पर संगठन जल्द निर्णय लेगा।

2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने विंध्य की 30 विधानसभा सीटों में से 27 सीटों पर जीत हासिल की थी। विंध्य की भाजपा की चली आंधी में कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के बेटे अजय सिंह भी चुरहट विधानसभा से चुनाव हार गए थे। वहीं इस बार विंध्य में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे के मुकाबले के बीच आम आदमी पार्टी भी अ्पने पैर जमाने की तैयारी में है।
 
लेखक के बारे में
विकास सिंह
special correspondent.... और पढ़ें
अगला लेख
सावधान! गोमूत्र में होते खतरनाक बैक्टीरिया, पहुंचा सकते हैं नुकसान