1. चुनाव 2023
  2. विधानसभा चुनाव 2023
  3. कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023
  4. Shock to BJP before elections in Karnataka, MLA Gopalkrishna joins Congress

कर्नाटक में चुनाव से पहले भाजपा को झटका, विधायक गोपालकृष्ण कांग्रेस में शामिल

Karnataka election
बेंगलुरु। कर्नाटक में भाजपा विधायक एनवाई गोपालकृष्ण सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने सोमवार को कहा कि 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और जनता दल (एस) के कई विधायक कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि जनता की लहर पार्टी के पक्ष में है।
 
कुदलिगी विधानसभा क्षेत्र के मौजूदा भाजपा विधायक एनवाई गोपालकृष्ण को पार्टी में शामिल करने के बाद अपने भाषण में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आएगी। गोपालकृष्ण ने गत शुक्रवार को ही पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।
 
शिवकुमार ने कहा कि भाजपा और जद (एस) के कई नेता हमारा दरवाजा खटखटा रहे हैं। यह इस बात का सुबूत है कि राज्य की जनता की आवाज कांग्रेस के पक्ष में है और हमारा रास्ता सही दिशा में सत्ता की तरफ है।
 
शिवकुमार ने कहा कि गोपालकृष्ण ने भाजपा विधायक के पद से इस्तीफा दे दिया और अब कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह जद (एस) विधायक केएम शिवलिंगे गौड़ा भी इस्तीफा दे चुके हैं और वह जल्द ही कांग्रेस में शामिल होंगे।
 
केपीसीसी प्रमुख ने कहा कि भाजपा और जद (एस) नेता स्वैच्छिक रूप से कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं, जो इस बात का ‘बड़ा सुबूत’ है कि लोगों ने ‘डबल इंजन सरकार की नाकामी’ के कारण परिवर्तन करने का मन बना लिया है।
 
छह बार के विधायक गोपालकृष्ण पहले कांग्रेस में थे। वह 4 बार चित्रदुर्ग जिले के मोलाकलमुरु विधानसभा क्षेत्र से और एक बार बेल्लारी सीट से विधायक चुने गए। भाजपा में शामिल होने के बाद वह कुदलिगी से विधायक बने।
 
हाल ही में भाजपा के दो एमएलसी (पुत्तन्ना और बाबूराव चिंचानसुर) ने इस्तीफा देकर कांग्रेस का दामन थाम लिया था। इसी तरह जद (एस) विधायक एसआर श्रीनिवास भी इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हो गए। (भाषा)
अगला लेख
शिकारीपुर से चुनाव लड़ेंगे पूर्व सीएम येदियुरप्पा के बेटे विजयेंद्र