1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Alka Lamba said that laws should be made to make rapists impotent

बलात्कारियों को नपुंसक बनाने के लिए कानून बने, अलका लांबा ने कहा

alka Lamba
Congress leader Alka Lamba News: कांग्रेस की महिला शाखा की प्रमुख अलका लांबा ने शुक्रवार को बलात्कारियों को नपुंसक बनाने वाले कानून की वकालत की। जब तक अपराधियों में भय पैदा नहीं होगा, अपराध होते रहेंगे। कांग्रेस बलात्कार पीड़ितों को न्याय दिलाने का काम करेगी, जबकि भाजपा महिलाओं के लिए घड़ियाली आंसू बहाती है।
 
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि महिलाओं, विशेषकर लड़कियों के खिलाफ अपराध बढ़ गए हैं और ये अनियंत्रित हो रहे हैं क्योंकि सत्तारूढ़ भाजपा से जुड़े ‘नेता, मंत्री और सांसद इनमें शामिल हैं।’
दोषियों को फांसी मिले : उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकारें (केंद्र और राज्य में) उन्हें बचा रही हैं। इन सरकारों को दो से तीन महीने में नाबालिग पीड़ितों से जुड़े बलात्कार के मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक और विशेष अदालतें स्थापित करनी चाहिए। दोषियों को फांसी दी जानी चाहिए। उन्हें नपुंसक बनाने के लिए एक कानून बनाया जाना चाहिए। 
 
खुले घूम रहे हैं बृजभूषण : लांबा ने दावा किया कि भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व प्रमुख बृजभूषण सिंह पर कई महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है, लेकिन वह खुलेआम घूम रहे हैं जबकि पीड़ित न्याय मांग रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संदेशखाली के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन बृजभूषण के साथ अतिविशिष्ट व्यक्ति की तरह व्यवहार किया जा रहा है।
विवादास्पद तृणमूल कांग्रेस नेता शेख शाहजहां को पिछले महीने प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों पर हमले के मामले में पश्चिम बंगाल पुलिस ने 28 फरवरी की रात गिरफ्तार कर लिया है। तृणमूल नेता पर संदेशखाली के ग्रामीणों ने जमीन हड़पने और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
 
संदीप सिंह भी बने हुए हैं मंत्री : लांबा ने यह भी कहा कि जूनियर एथलेटिक्स कोच से मारपीट के आरोपी पूर्व हॉकी स्टार संदीप सिंह हरियाणा के मंत्री पद पर बने हुए हैं क्योंकि वह भाजपा का हिस्सा हैं।
 
यह पूछे जाने पर कि भाजपा यह कह रही है कि शनिवार को मध्य प्रदेश में प्रवेश करने वाली राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ विफल हो गई है, लांबा ने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी घबराहट में है। किसानों, बेरोजगारों और महिलाओं का विरोध भाजपा के अहंकार को तोड़ देगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाले राजग को (आगामी लोकसभा चुनाव में) 400 सीटें नहीं मिलेंगी। (भाषा/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
 
अगला लेख
देश को मोदी की गारंटी पर भरोसा, NDA 400 से ज्यादा सीटें जीतेगा