वैलेंटाइंस डे के बहाने प्यार के तराने
शरद उपाध्याय
ND |
देश सस्पेंस व रोमांच के दौर से गुजर रहा है। पूरा देश टकटकी बांधे खड़ा है। न जाने क्या होगा। जाने हो पाएगा या नहीं। ईश्वर ही जाने। सभी लोग बैचेन हैं। हर बार ऐसा ही होता है। जब भी वैलेंटाइंस डे आता है, देशभर में हलचल मच जाती है कि लोग प्यार का इजहार कर पाएंगे या नहीं। वे मिल पाएंगे या नहीं और मिल पाएंगे तो वे उन्हें पकड़ेंगे या नहीं। या पकड़ लेंगे तो कैसा व्यवहार करेंगे।
पूरा देश चिंतित है तो मैं भी चिंतित हूं। मैं हमेशा देश के साथ ही रहता हूं। प्यार इन दिनों राष्ट्रीय समस्या हो गई है। देश की सारी समस्याएं हल हो गई हैं। सिर्फ एक परेशानी है कि प्यार नहीं हो पा रहा है।
प्यार एक महत्वपूर्ण समस्या है। यदि प्यार नहीं होता तो हिन्दी फिल्मों का विकास कैसे हो पाता। दिन-रात चलने वाले गाने बिना प्यार के कैसे गाए जाते। इतनी सारी कहानियां, कविताएं व उपन्यास प्यार के बिना कैसे लिखे जाते। कॉलेजों में बच्चे मात्र शिक्षा पर निर्भर होकर कैसे गुजारा करते। सो सभी मिलकर प्यार पर चिंतन कर रहे हैं।
प्यार होना चाहिए या नहीं। इस पर देश बंटा हुआ है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। प्यार होना चाहिए अथवा नहीं। यदि प्यार है तो उसका सार्वजनिक रूप से इजहार ठीक है अथवा नहीं। कितने प्रतिशत प्यार का सार्वजनिक रूप से उजागर करना नैतिकता में आता है। कितने प्रतिशत पर प्यार का रूपांतरण नैतिक से अनैतिक हो जाता है। सभी लोग बहस कर रहे हैं। आखिर राष्ट्रीय समस्या जो है।
कुछ लोगों को यह संस्कृति का हनन लगता है। उनको लगता है कि देश के गरीब होने के पीछे सबसे बड़ा कारण यह अनैतिकता ही है। न हम प्यार करते और न ही देश को यह भुगतना पड़ता। दूसरी ओर कुछ लोग प्यार को अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानते हैं, उन्हें प्यार करने का पूरा-पूरा हक है। कोई भी उन्हें इस हक से वंचित नहीं कर सकता।
कुछ लोग इसे इतना गलत मानते हैं कि वे साथ घूमने वालों की सार्वजनिक रूप से पिटाई करने को तत्पर हैं। वे कहते हैं कि प्यार करने से संस्कृति दागदार हो जाएगी। वे संस्कृति के दामन पर इतने धब्बे कैसे बर्दाश्त कर पाएंगे। यह भी हो सकता है कि आने वाले दिनों में संसद में इस पर भी बहस हो। सांसद इस पर नया कानून बनाने की मांग करें।
वित्तमंत्रीजी बजट पर प्यार करने वालों के लिए स्पेशल पैकेज की घोषणा करते दिखाई दें। वे प्यार के दौरान होने वाले खर्चों को सीधे आय में से घटाने की सिफारिश कर दें। हो सकता है कि वे वैलेंटाइंस-डे पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित कर दें। बहुत सारी बातें हैं। बहुत सारे विचार हैं। कुछ भी हो सकता है। आखिर राष्ट्रीय समस्या जो ठहरी। मैं तो डर रहा हूं कि कहीं राष्ट्रीय आपदा घोषित कर इमरजेंसी न लगा दी जाए। सो लेख बंद करता हूं।

