1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. रोमांस
  4. »
  5. प्रेम गुरु
Written By WD

'पहली नजर का प्यार' के मायने

पहली नजर का प्यार रोमांस इश्क प्रेम प्यार मोहब्बत लव गुरु
FILE
आपने पहली नजर का प्यार जैसी फिल्मी कहावतें तो जरूर सुनी होंगी। लेकिन वास्तविकता में ऐसा हो पाना थोड़ा मुश्किल है। लेकिन हाल ही में हुए एक शोध से स्पष्ट हुआ है कि पहली नजर का प्यार भले ही महिलाओं के लिए मायने न रखता हो लेकिन पुरुषों में तो यह चीज काफी लंबे समय से देखी जा रही है।

ब्रिटिश संस्थान द्वारा कराया गया यह सर्वेक्षण स्पष्ट करता है कि पुरुष खूबसूरती को देखकर जल्द ही फिसल जाते हैं। प्यार के मामलों में उनका स्वभाव थोड़ा अलग होता है। वह संबंधों की शुरुआत करने से पहले आपसी भावनाओं और साथी के स्वभाव से ज्यादा अहमियत उसके बाहरी व्यक्तित्व को देते हैं।

इसके परिणामस्वरूप पुरुषों को पहली नजर में ही प्यार हो जाता है। वह एक ही मुलाकात में अपनी मिस राइट का चुनाव कर सकते हैं। जबकि महिलाएं अपने मिस्टर राइट का चुनाव करने में लंबा समय लगा देती हैं क्योंकि साथी के चयन को लेकर महिलाओं की प्राथमिकताएं थोड़ी जटिल होती हैं। वह न सिर्फ पुरुष के बाहरी व्यक्तित्व पर ध्यान देती हैं बल्कि उसके स्वभाव के साथ व्यवहारिक संतुलन की संभावनाओं को भी बहुत अधिक महत्व देती हैं।

ब्रिटिश साइकोलॉजी सोसाइटी द्वारा कराए गए सर्वेक्षण ने कुछ हैरान कर देने वाले तथ्य भी सामने रखे हैं। नतीजों की मानें तो 10 में से 7 पुरुषों ने यह माना कि वह पहली नजर के प्यार में विश्वास रखते हैं। वहीं 10 में से केवल 1 महिला ने ही यह स्वीकार किया कि उन्होंने लव एट फर्स्ट साइट जैसी चीजें महसूस की हैं।

इस सर्वेक्षण के मुख्य शोधकर्ता एलेक्जेंडर गॉर्डन का कहना है कि सामाजिक परिस्थितियों और संबंधों की समझ पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं में कहीं अधिक होती है। वह अपने जीवन, खासतौर पर विवाह से जुड़ा कोई भी निर्णय जल्दबाजी में न लेकर काफी सोच-विचार करके लेना ही उपयुक्त समझती हैं।

यह सर्वे 16-86 वर्ष तक के व्यक्तियों, जिसमें लगभग 1500 पुरुष और इतनी ही महिलाएं शामिल थीं, को केन्द्र में रखकर किया गया। एक औसत ब्रिटिश पुरुष अपने जीवन में तीन बार प्यार करता है। वहीं एक औसत महिला केवल एक ही बार सच्चे प्यार का अनुभव करती है। एक तरफा प्यार के मामले भी महिलाओं की अपेक्षा पुरुष के जीवन में कहीं ज्यादा होते हैं।
लेखक के बारे में
WD