1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. समाचार
  4. PM Modi in Arunachal Pradesh

आतंकियों के आकाओं की भाषा बोलते हैं विपक्षी नेता, मोदी ने साधा निशाना

PM Modi
ईटानगर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर विपक्ष पर प्रहार करते हुए शनिवार को कहा कि जिन बातों पर राष्ट्र गौरव महसूस करता है, उन पर विपक्षी दल परेशान हो जाते हैं और उनके नेता आतंकवादी संगठनों के आकाओं की भाषा बोलते हैं।
 
मोदी ने अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट सियांग जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आपने सर्जिकल स्ट्राइक के समय देखा और जब हमारे वैज्ञानिकों ने विश्व को अचंभे में डाल दिया, ये लोग (विपक्षी दल) उपलब्धियों का मजाक उड़ा रहे थे। जब राष्ट्र गौरवांवित महसूस करता है तो वे परेशान हो जाते हैं और एक तरह से रोने ही लगते हैं। ये वही भाषा बोलते हैं जो आतंकवादियों के आका बोलते हैं।
 
प्रधानमंत्री ने अरुणाचल प्रदेश के लोगों से राष्ट्र का अनादर करने वालों को सबक सिखाने का आग्रह करते हुए कहा कि भारत में उनकी पहचान नहीं है, लेकिन पाकिस्तान में उन्हें हीरो के रूप मे देखा जाता है। पाकिस्तानी समाचार पत्रों में उनकी तस्वीरें छपती हैं। मोदी ने प्रश्न किया कि क्या आप ऐसे लोगों को सबक सिखाएंगे जो आपके राज्य से कहीं अधिक पड़ोसी देश की चिंता करते हैं।
       
उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और भ्रष्टाचार पिछले 55 साल से एक दूसरे के पर्यायवाची बन चुके हैं। इसने गरीबों का राशन, किसानों की जमीन और रक्षा संपत्ति लूटी है। मैंने अपने पांच साल के कार्यकाल में 30 बार पूर्वोतर राज्यों का दौरा किया है। स्वयं को भारत का भाग्य विधाता समझने वालों ने इस क्षेत्र का दौरा कितनी बार किया है। (वार्ता)
अगला लेख
फारुख अब्दुल्ला बोले, एक गलत बटन दबने से हेेलीकॉप्टर गिर गया और 6 जवान शहीद हो गए