बिना एक अर्धशतक के वेस्टइंडीज ने भारत के सामने जीतने के लिए 196 रनों का लक्ष्य रखा
INDvsWI वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने बिना एक अर्धशतक लगाए भारत के खिलाफ ईडन गार्डन्स के एक अहम मुकाबले में 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए। पहली बार सलामी बल्लेबाजी के लिए उतरे रॉस्टन चेस ने 40 रन बनाए। वहीं जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक 2 विेकेट निकाले।
पहले पॉवरप्ले में इंडीज के बल्लेबाजों ने धीमे खेलना जरुरी समझा और बिना विकेट गंवाए 44 रन बनाए। लेकिन मध्यक्रम में भारत को शिमरन हिटमायर और शेरेफेन रदरफोर्ड के विकेट सस्ते में मिले। अंतिम ओवर में इंडीज ने बेतहाशा रन बनाए और जो स्कोर 160- 175 तक लग रहा था वह 195 रनों तक चला गया।
भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी कप्तान शाई होप और रॉस्टन चेज की सलामी जोड़ी ने पहले 68 रन जोड़े। नौवें ओवर में वरूण चक्रवर्ती ने शाई होप को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। शाई होप ने 33 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 32 रन बनाये। इसके बाद 12वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने शिमरॉन हेटमायर 12 गेंदों में 27 रन को और इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर रॉस्टन चेज को भी अपना शिकार बना लिया। रॉस्टन चेज ने 25 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाते हुए 40 रनों की पारी खेली। शरफेन रदरफोर्ड 14 रन बनाकर आउट हुये।
वेस्टइंडीज ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 195 रनों का स्कोर खड़ा किया। रोवमन पॉवेल ने 19 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए (नाबाद 34 ) और जेसन होल्डर ने 22 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के लगाते हुए (नाबाद 37 ) रनों की पारी खेली। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट लिये। वरुण चक्रवर्ती तथा हार्दिक पंड्या ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।