1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Pakistan and England cricketers Negative in COVID-19 test

पाकिस्तान और इंग्लैंड के सभी क्रिकेटर COVID-19 टेस्ट में निगेटिव

Pakistan
साउथेम्पटन। इंग्लैंड और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सभी खिलाड़ी यहां कोरोनावायरस (Coronavirus) परीक्षण में निगेटिव रहे। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने मंगलवार को बताया कि रविवार को इंग्लैंड पहुंचे पाकिस्तान के 20 खिलाड़ी और सहयोगी दल के 11 सदस्य कोविड-19 की जांच में निगेटिव पाए गए।
 
पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ अगस्त और सितंबर में 3 टेस्ट और 3 टी-20 मैच खेलने है। टीम वारेस्टरशर में है जहां वह 14 दिनों तक क्वारंटीन में रहेगी।
 
इंग्लैंड के भी सभी खिलाड़ी और प्रबंधन से जुड़े अधिकारी तीसरे दौर की जांच में भी निगेटिव पाए गए। टीम साउथेम्पटन में अगले सप्ताह वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू होने वाली टेस्ट श्रृंखला की तैयारी कर रही है।
 
इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने मंगलवार को बताया कि 6 क्रिकेटरों के कोरोनावायरस जांच के दूसरे नतीजे निगेटिव आए हैं और वे टीम के साथ इंग्लैंड में जुड़ सकते हैं।
 
इनमें सलामी बल्लेबाज फखर जमां, हरफनमौला मोहम्मद हफीज, लेग स्पिनर शादाब खान, विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान, तेज गेंदबाज वहाब रियाज और मोहम्मद हसनैन शामिल हैं। (भाषा)
अगला लेख
क्रुणाल पांड्या ने 3 महीने बाद आउटडोर ट्रेनिंग शुरू की