शनिवार, 6 दिसंबर 2025
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Indian and South African cricketers broke sweat ahead of first Test
Written By WD Sports Desk
Last Updated : बुधवार, 12 नवंबर 2025 (16:41 IST)

भारत और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों ने नेट्स में बहाया पसीना

INDvsSA
INDvsSA भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुक्रवार से शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच से पूर्व अपनी तकनीक को दुरुस्त करने के लिए  नेट्स पर करीब डेढ़ घंटा बिताया। गिल ने पिछले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों में अर्धशतक और नाबाद शतक लगाया था। टेस्ट टीम की कमान संभालने के बाद वह प्रतिबद्ध दिखे और उन्होंने अपनी फॉर्म हासिल करने के लिए अभ्यास सत्र में कड़ी मेहनत की।

स्पिन से शुरुआत करते हुए उन्होंने रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर का सामना किया। तेज गेंदबाजी की नेट पर गिल ने पहले जसप्रीत बुमराह का कुछ ओवरों तक सामना किया। इसके बाद उन्होंने नीतीश कुमार रेड्डी और कुछ स्थानीय क्लब गेंदबाजों का सामना भी किया।इसके बाद सहयोगी स्टाफ के एक सदस्य ने उनके लिए ऊंचाई से थ्रोडाउन करने के लिए साइडआर्म का इस्तेमाल किया, जिससे गिल को अतिरिक्त उछाल और तेज रफ्तार वाली गेंदों पर अभ्यास करने का मौका मिला।

रणजी ट्रॉफी में राजस्थान के लिए 67 और 156 रन की पारी खेलने वाले जायसवाल ने भी लंबे समय तक विकेट पर मोर्केल और थ्रोडाउन का सामना किया। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज़ सहज लय में दिख रहा था तथा आत्मविश्वास के साथ ड्राइव और पुल कर रहा था।नेट पर महत्वपूर्ण समय बिताने वाले एक अन्य बल्लेबाज तमिलनाडु के युवा साई सुदर्शन थे, जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ भारत ए की ओर से दो अनधिकृत टेस्ट मैचों में केवल 84 रन बनाए थे।

टीम प्रबंधन उन्हें तीसरे नंबर के बल्लेबाज के रूप में तैयार कर रहा है लेकिन वह अभी तक अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे हैं। ध्रुव जुरेल ने दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ दूसरे मैच में दोनों पारियों में शतक लगाकर भारतीय बल्लेबाजी क्रम में एक स्थान के लिए अपना दावा मजबूत कर दिया है और इसमें तीसरा नंबर भी शामिल है।

दक्षिण अफ्रीका की टीम आत्मविश्वास से भरी हुई है क्योंकि पिछले महीने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उसने पाकिस्तान के खिलाफ दो मैच की श्रृंखला 1-1 से ड्रॉ कराई थी।टीम ने शुक्रवार से भारत के खिलाफ पहले टेस्ट से पूर्व स्पिनरों का सामना करने और गेंदबाजों की लय बिगाड़ने के इरादे से नेट पर  काफी पसीना बहाया।

जून में टीम को पहला विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप खिताब दिलाने के बाद पहली बार फिट होकर वापसी कर रहे कप्तान तेम्बा बावुमा की अगुवाई में टीम ने अभ्यास किया। अभ्यास सत्र में जोर स्पिन का सामना करने पर था।
बावुमा ने थ्रो डाउन का सामना किया। सीनियर बल्लेबाज एडेन माक्ररम ने सलामी जोड़ीदार रियान रिकेलटन के साथ बल्लेबाजी की । बेंगलुरू में रविवार को दक्षिण अफ्रीका टीम ने 400 से अधिक रन के लक्ष्य का पीछा करके भारत ए को हराया था जिससे भी टीम के हौसले बुलंद थे। बावुमा और जुबैर हमजा उस टीम का हिस्सा थे।

बावुमा की गैर मौजूदगी में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले टोनी डि जोर्जी ने पाकिस्तान के खिलाफ एक शतक समेत 175 रन बनाये थे । वह भारत में अपना पहला मैच खेलेंगे।ट्रिस्टन स्टब्स भी खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं जिन्होंने आफ स्पिनरों और बायें हाथ के स्पिनरों का सामना किया।
ये भी पढ़ें
IPL 2026 में चिन्नास्वामी से छिनी मेजबानी अब RCB के सारे मैच होंगे महाराष्ट्र के इस शहर में