सोमवार, 1 दिसंबर 2025
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. CAB chief Sourav Ganguly makes life difficult for Coach Gautam Gambhir & Skipper Shubhman Gill at Eden Garden
Written By WD Sports Desk
Last Updated : बुधवार, 12 नवंबर 2025 (16:58 IST)

ईडन की पिच से नाराज गिल और गंभीर, गांगुली ने नहीं दी स्पिन ट्रैक

Eden Garden
ईडन गार्डन्स में खेले जाने वाले पहले टेस्ट की पिच को देखकर कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल मायूस दिखे। लगभग तीन घंटे के अभ्यास के बाद टीम के थिंक टैंक गंभीर, कोटक, मोर्केल और गिल ने मुख्य पिच का निरीक्षण किया और वहां पर लंबे समय तक चर्चा की। मोर्केल और गिल ने क्यूरेटर सुजन मुखर्जी के साथ भी 15 मिनट तक चर्चा की। उनके हाव-भाव देखकर लग रहा था कि प्रबंधन पूरी तरह से संतुष्ट नहीं है।

पिच भूरे रंग की दिखाई दे रही थी और उस पर हल्की घास के धब्बे थे। इस मैदान पर अभी तक जो दो रणजी मैच खेले गए हैं उनमें भारतीय तेज गेंदबाज आकाशदीप और मोहम्मद शमी को पहले दिन शुरू में संघर्ष करना पड़ा था।
बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने पहले ही कहा था कि भारतीय टीम प्रबंधन ने शुक्रवार से ईडन गार्डन्स में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रहे दो मैचों की श्रृंखला के पहले टेस्ट के लिए स्पिनरों की मददगार पिच की मांग नहीं की है।

गांगुली से जब पूछा गया कि क्या भारतीय टीम प्रबंधन ने स्पिनरों की मददगार पिच की मांग की है तो उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने अभी तक इसके लिए नहीं कहा है। इसलिए, मैं इस सवाल का जवाब नहीं दे पाऊंगा। यह बहुत अच्छी पिच लग रही है।’’
बंगाल क्रिकेट संघ के क्यूरेटर सुजन मुखर्जी के अनुसार भारत के मुख्य कोच ने पूछा था कि पिच से स्पिनरों को मदद कब मिलनी शुरू होगी और उन्होंने जवाब दिया कि ‘तीसरे दिन से’ टर्न मिलने की उम्मीद की जा सकती है। मुखर्जी ने कहा, ‘‘इस पिच पर बल्लेबाजों और गेंदबाजों, दोनों को मदद मिलेगी। स्पिनरों को भी मदद मिलेगी।’’