1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Samsung, South Korean mobile company

सैमसंग सबसे भरोसेमंद ब्रांड, टाटा समूह शीर्ष पांच में

Samsung
मुंबई। दक्षिण कोरियाई मोबाइल एवं घरेलू उपकरण कंपनी सैमसंग ने देश के सबसे भरोसेमंद ब्रांड के रूप में अपनी पहचान कायम रखी। सैमसंग के बाद दूसरे और तीसरे स्थान पर सोनी और एलजी हैं। एक रिपोर्ट में यह बात कही गई है। शीर्ष पांच ब्रांड में टाटा समूह को चौथा स्थान मिला है, वह एकमात्र भारतीय कंपनी है, जो इस सूची में जगह बनाने में कामयाब रही।

ब्रांड ट्रस्ट रिपोर्ट 2018 में कहा गया है कि शीर्ष तीन ब्रांड अपने पिछले साल के स्तर को बरकरार रखने में सफल हुए हैं जबकि टाटा समूह इस बार एक स्थान ऊपर पहुंच गया है। आईफोन निर्माता कंपनी एपल को पांचवां स्थान मिला है, वह एक स्थान खिसक गया है। पर्सनल कंप्यूटर निर्माता डेल सूची में दो स्थान उछलकर छठवें स्थान पर आ गया है जबकि वाहन कंपनी होंडा सातवें, नाइक (8वें), हैवलेट पैकर्ड (9वें) और मारुति सुजुकी (10वें) स्थान पर है।

भरोसमंद ब्रांडों की सूची में चीनी स्मार्टफोन निर्माता कंपनी ओपो का 11वां, पूमा का 12वां, बीएमडब्ल्यू को 15वां स्थान मिला है, वहीं गूगल (18 वां) पहली बार शीर्ष 20 भरोसेमंद कंपनियों की सूची में शामिल हुआ है। टीआरए रिसर्च द्वारा किए सर्वेक्षण में 16 शहरों के 2,450 प्रतिभागियों को शामिल किया गया है और इसके निष्कर्षों को 'द ब्रैंड ट्रस्ट रिपोर्ट 2018' में संकलित किया गया है।

बैंकिंग वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक अग्रणी बनकर उभरा है और सूची में इसे 21वां स्थान मिला है। शीतल पेय श्रेणी में पेप्सी अग्रणी रहा है और सूची में उसका 44वां स्थान रहा जबकि एफएमसीजी वर्ग में पतंजलि का 13वां स्थान रहा। पिछले साल के मुकाबले वह दो पायदान ऊपर चढ़ी है। (भाषा)
अगला लेख
महिला पत्रकार के साथ सामूहिक बलात्कार