1. समाचार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Latest gold and silver prices 28 May 2024

Gold Silver Prices: चांदी में आया 3000 रुपए से ज्यादा का उछाल, सोना भी हुआ महंगा

Gold Silver
Gold Silver Prices: मजबूत वैश्विक रुख के अनुरूप राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार (Delhi Bullion Market) में मंगलवार को चांदी (Silver) की कीमत 3,100 रुपए के उछाल के साथ 95,950 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई जबकि सोना (Gold) 130 रुपए मजबूत हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज (HDFC Securities) के अनुसार लगातार दूसरे दिन चांदी में मजबूती आई। इसकी कीमत 3,100 रुपए के उछाल के साथ करीब 2 सप्ताह के उच्च स्तर 95,950 रुपए प्रति किग्रा हो गई।
 
सोमवार को चांदी 92,850 रुपए प्रति किग्रा के स्तर पर बंद हुई थी। इस बीच सोना 130 रुपए मजबूत होकर 72,950 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। पिछले कारोबारी सत्र में यह 72,820 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स (जिंस बाजार) में हाजिर सोना 2,346 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद भाव से 2 डॉलर अधिक है।

 
फेडरल रिजर्व के फैसले का इंतजार : एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि कमजोर अमेरिकी डॉलर की मदद से मंगलवार को यूरोपीय कारोबारी घंटों में सोना मामूली बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। उन्होंने कहा कि व्यापारी अब महत्वपूर्ण अमेरिकी मुद्रास्फीति आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं, जो इस बात पर प्रकाश डाल सकता है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व कितनी जल्दी ब्याज दरों में कमी कर सकता है। इससे आगे सोने की कीमतों को दिशा मिलेगी। विदेशी बाजारों में चांदी भी बढ़कर 31.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

 
चांदी की कीमतें बढ़कर 31 डॉलर के पार : बाजार विशेषज्ञों के अनुसार चांदी की कीमतें बढ़कर 31 डॉलर के स्तर को पार कर गईं, जो नरमी के दौर के अंत का संकेत है। इस बीच एमसीएक्स के वायदा कारोबार में सोना 169 रुपए घटकर 71,840 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। सोने का सबसे अधिक कारोबार वाला जून अनुबंध दिन के कारोबार में 71,762 रुपए प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा जुलाई डिलीवरी वाला चांदी का अनुबंध भी 294 रुपए या 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 94,314 रुपए प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा था।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
असम में चक्रवात रेमल से हुई भारी बारिश, 2 लोगों की मौत व 17 घायल