मांग घटने से सोना 350 रुपए टूटा
Publish Date: Thu, 23 Mar 2017 (17:04 IST)
Updated Date: Thu, 23 Mar 2017 (17:10 IST)
नई दिल्ली। जेवराती मांग घटने से गुरुवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 350 रुपए लुढ़ककर 29 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। चांदी भी 200 रुपए टूटकर 41,250 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई।
वैश्विक स्तर पर पीली धातु में तेजी रही। लंदन में सोना हाजिर 1.95 डॉलर की तेजी के साथ 1,247.90 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, हालांकि अप्रैल का अमेरिकी सोना वायदा 1.2 डॉलर फिसलकर 1,248 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि गत दिवस 3 सप्ताह के उच्चतम स्तर को छूने के बाद गुरुवार को सोने पर मजबूत डॉलर का दबाव बना हुआ है। इसके बावजूद इसमें मामूली बढ़त रही। सोने के लिए अगला पड़ाव 1,250 डॉलर का है।
अभी निवेशकों की निगाह इस बात पर टिकी है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हेल्थकेयर बिल को संसद में पारित करा पाते हैं या नहीं? इस बीच लंदन में चांदी हाजिर 0.07 डॉलर चमककर 17.55 डॉलर प्रति औंस बोली गई। (वार्ता)