गुरुवार, 26 मार्च 2026
  1. समाचार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Gold price diwali 2025
Last Updated : रविवार, 7 सितम्बर 2025 (12:45 IST)

सोने में ‍निवेश से निवेशक मालामाल, 1 साल में 31 हजार रुपए बढ़े दाम, दिवाली तक क्या होगी कीमत?

भारत में सोने की कीमतें 1 साल में 31 हजार और 1 माह में यह करीब 9000 रुपए बढ़ गई। देश में फिलहाल 10 ग्राम सोने की कीमत 1,07,728 रुपए हैं। दिवाली 2025 तक इसमें और तेजी की संभावना है।

Gold
Gold Price Diwali : सोने में निवेश ने निवेशकों को मालामाल कर दिया। भारत में मात्र 1 माह में यह करीब 9000 रुपए बढ़ गया तो पिछले 1 साल में इसकी कीमतों में 31 हजार रुपए का इजाफा हुआ। देश में फिलहाल 10 ग्राम सोने की कीमत 1,07,728 रुपए हैं। ऐसे में लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि दिवाली पर सोने की कीमत क्या होगी।
 
पिछले 10 सालों में सोना 26,343 से 1,07,728 रुपए पर पहुंच चुका है। दिवाली तक सोने में तेजी का दौर बना रह सकता है। यह नए स्तर पर पहुंच सकता है। गोल्डमैन सैक्स का अनुमान है कि अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में 2026 तक इस पीली धातु की कीमतों में लगभग 50% तक उछाल आ सकता है। यह 5000 हजार डॉलर प्रति ओंस तक पहुंच सकता है।
 
क्यों बढ़ रहे हैं सोने के दाम : दुनिया के कई देशों में चल रहे युद्धों की वजह वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता का माहौल है। ट्रंप टैरिफ ने दहशत में और इजाफा किया है। इस वजह से दुनिया के कई देशों के केंद्रीय बैंक अपना गोल्ड रिजर्व बढ़ा रहे हैं। शेयर बाजार में अनिश्चितता और बॉन्ड पर कम रिटर्न ने भी लोगों का रुझान सोने में बढ़ाया है। भारत में त्योहारी सीजन शुरू हो गया है, इसके बाद शादियां शुरू हो जाएगी। इस वजह से यहां भी सोने की मांग बढ़ रही है। अमेरिका में महंगाई बढ़ने की आशंका से भी सोने में लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है।
 
क्या कहते हैं एक्सपर्ट : कमोडिटी बाजार विशेषज्ञ योगेश बागौरा ने कहा कि शुक्रवार को कारोबारी सत्र के दौरान सोने के बाजार में काफी तेजी आई। अब ऐसा लग रहा है कि सोना सचमुच उड़ान भरने के लिए तैयार है। इसकी वजह यह है कि हम थोड़ा नीचे गिरे, फिर पलटकर तेजी से बढ़े। अमेरिका में रोजगार के आंकड़े बेहद भयावह हैं। फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती को लेकर काफी आक्रामक रुख अपना सकता है। इससे जहां अमेरिकी डॉलर कमजोर हो सकता है तो सोने की कीमत और बढ़ सकती है। 
 
उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे व्यापारी सुरक्षा उपायों की ओर भागेंगे, वे अपनी संपत्ति की रक्षा करने की कोशिश में सोने में निवेश बढ़ा सकते हैं। सोने के लिए तकनीकी विश्लेषण असाधारण रूप से मजबूत है, आने वाले समय में अल्पकालिक गिरावट से इसमें खरीदारी के अवसर बन सकते हैं।
अस्वीकरण : यह लेख केवल सूचना के उद्देश्य से है। यह कोई निवेश सलाह नहीं है। किसी भी निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर लें।