1. लाइफ स्‍टाइल
  2. नन्ही दुनिया
  3. कविता
  4. बाल रचना - (बिजली के) खंभे चाचा की पाती

बाल रचना - (बिजली के) खंभे चाचा की पाती

बच्चों के नाम खंभे चाचा की प्यार भरी पाती

बिजली पर कविता
प्यारे बच्चों,
FILE

आपके खंभे चाचा का आप सब बच्चों को प्यार भरा नमस्कार...

बच्चों आपने अनुभव किया होगा कि रात्रि को कभी-कभी अचानक बिजली गुल हो जाती है और चारों ओर बिल्कुल अंधेरा हो जाता है। कुछ भी नहीं दिखाई देता है, तब आपको डर लगने लगता है और आप मम्मी-मम्मी चिल्लाने लगते हैं। कोई-कोई पापा को आवाज लगाते हैं। यदि घर में दादा-दादी भी साथ रहते हैं तो आप उनको भी आवाज लगाते हैं जोर से चिल्लाते हैं। तब घर के लोग कहते हैं बच्चों डरना मत हम अभी आपके पास आते हैं।

फिर कोई टार्च तलाशता है तो कोई माचिस ढूंढ़ता है और‌ कोई मोबाइल की लाइट जलाकर तुम्हारे पास आ जाता है और तुम्हें पलंग, सोफे अथवा किसी सुरक्षित स्थान पर बिठा देता है। इतने में कोई मोमबत्ती अथवा दीपक जलाकर प्रकाश कर देता है। गांव में तो अभी भी कहीं-कहीं लालटेन अथवा लैंप घरों में दिख जाते हैं। यदि मिट्टी का तेल घर में उपलब्ध रहता है तो इन लालटेनों लैंपों को जलाकर घरों में उजाला कर देते हैं।

उजाला होने से बच्चों आपको आपके मम्मी, पापा, दादा, दादी सब लोग दिखने लगते हैं। मगर भैया इनका उजाला बहुत कम होता है। इसमें तो आप पढ़ भी नहीं सकते। बिजली की तो बात ही और है। टयूब लाइट का मजा तो अलग ही होता है।

FILE
बच्चों बिना बिजली के हमारा जीवन कितना कठिन हो जाता है। इसके बिना हम थोड़ी देर भी सहज नहीं हो पाते। आपको मालूम है कि यह बिजली कहां से आती है और कैसे आती है?'

'क्या कहा, पावर हाऊस से आती है'
'किंतु आपको मालूम है पावर हाऊस कहां हैं? शायद सबको नहीं मालूम होगा। अच्छा यह बताओ पावर हाऊस से कैसे आती है, ट्रेन से आती है बस से आती है या पैदल आती है।'

'खंभों से आती है।'

'अरे वाह आपको तो मालूम है, मगर अकेले खंभों कैसे आएगी, खंभों में तार लटके होते हैं और बिजली तारों में से होकर आती है। पावर हाऊस तो सैकड़ों मील दूर होते हैं, जहां बिजली बनती है फिर खंभों पर लगे तारों के द्वारा हमारे घरों तक पहुंचती है। यह खंभें जंगल-पहाड़ों में अकेले खड़े हैं। सर्दी-गर्मी, बरसात सब सहन करते हैं और आपको बिजली पहुंचाते हैं।

बच्चों मैं ही खंभा हूं और आज आपको अपनी आप बीती और अपने हालात बताऊंगा। जब कभी कभी बिजली बंद हो जाती है तो लोग गुस्से के मारे हमें नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं। तोड़ फोड़ करते हैं। बच्चों क्या उचित है? बच्चों मैंने भी एक कविता लिखी है आपको सुनाता हूं मजा आए गा। हम कितनी कठिनाई में जीते हैं आपको इस कविता से मालूम पड़ जाएगा....

आगे पढ़ें बिजली के खंभे पर मजेदार कविता...


FILE

बिजली के खंभे बतलाते...

मेरे सिर पर तार तने जो,

तुम उनसे उजियारा पाते।

बिजली के खंभे बतलाते।

जिनको सिर पर ढोते-ढोते,

रात-दिवस मेरे यूं बीते।

ये तार तुम्हें बिजली पहुंचाते।

बिजली के खंभे बतलाते।

सड़क किनारे खड़े हुए हैं,

खेत खेत में अड़े हुए हैं।

आंधी तूफान डरा न पाते।

बिजली के खंभे बतलाते।

खोदा गड्ढा खड़ा कर दिया,

यूं खजूर-सा बड़ा कर दिया।

दिखें आसमां से बतियाते।

बिजली के खंभे बतलाते।

बल्ब, ट्यूब, लाइट, हैलोजन,

लगा-लगा छेदा मेरा तन।

मैं रोता और तुम मुस्कुराते।

बिजली के खंभे बतलाते।

मैं सबको उजियारा देता,

बदले में कुछ कभी न लेता।

फिर भी मुझको लोग सताते।

बिजली के खंभे बतलाते।

मेरे दम पर खेत पल रहे,

पानी वाले पंप चल रहे।

मेरे कारण अन्न उगाते।

बिजली के खंभे बतलाते।

चलें मशीनें चक्की चलतीं,

सब की सब बिजली से चलतीं।

फिर भी लोग मुझे गरियाते।

बिजली के खंभे बतलाते।

बंद कभी बिजली हो जाती

मेरी तो आफत‌ हो जाती

मुझको देख लोग गुर्राते।

बिजली के खंभे बतलाते।

दूर-दूर जंगल खेतों से

आते हैं हम परदेसों से

सिर पर ढोकर बिजली लाते।

बिजली के खंभे बतलाते

बिजली कड़के पानी बरसे

बरसाती न छाता सिर पे।

सर्दी-गर्मी सब सह जाते।

बिजली के खंभे बतलाते।

बिजली कभी बंद हो जाए

कभी किसी को क्रोध न आए।

यही बात सबको समझाते।

बिजली के खंभे बतलाते।

बताना बच्चों मेरी कविता कैसी लगी।

* आपका ही प्यारा चाचा

एक बिजली का खंभा

लेखक के बारे में
प्रभुदयाल श्रीवास्तव
12, शिवम सुंदरम नगर, छिंदवाड़ा, मध्यप्रदेश (Mo.-+919131442512).... और पढ़ें