कम्प्यूटर पर चिड़िया
FILE
बहुत देर से कम्प्यूटर पर, बैठी चिड़िया रानी।
बड़े मजे से टाईप कर रही, थी कोई बड़ी कहानी।।
तभी अचानक चिड़िया ने, जब गर्दन जरा घुमाई।
किंतु न जाने किस कारण, वह जोरों से चिल्लाई।।
कौआ भाई फुदक-फुदक कर, शीघ्र वहां पर आए।
'तुम्हें क्या हुआ बहिन चिरैया', कौआ जी घबराए।।
चिड़िया बोली 'पता नहीं, हुई कैसी ये लाचारी।
हुआ दर्द गर्दन में मुझको, कौआ भाई भारी'।।
तब कौए ने गिद्ध वैद्य से, उसकी जांच कराई।
वैद्यराज ने सर्वाइकल, नामक बीमारी पाई।।
कम्प्यूटर पर बहुत देर, बैठी थी चिड़िया रानी।
जोर पड़ा गर्दन पर इससे, हुई बहुत ही हानि।।
कम्प्यूटर पर बहुत देर, मत बैठो मेरे भाई।
बहुत अधिक जो बैठा, उसको यह बीमारी आई।।

