सोमवार, 2 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. जम्मू-कश्मीर न्यूज़
  4. Suspected terrorist attack on army camp in Jammu
Last Updated : सोमवार, 2 सितम्बर 2024 (14:50 IST)

जम्मू में सैन्य शिविर पर संदिग्ध आतंकवादी हमला, सैन्य जवान गंभीर रूप से घायल

जम्मू में सैन्य शिविर पर संदिग्ध आतंकवादी हमला, सैन्य जवान गंभीर रूप से घायल - Suspected terrorist attack on army camp in Jammu
Attack on army camp in Jammu : जम्मू (Jammu) में सोमवार को एक सैन्य शिविर की संतरी चौकी पर संदिग्ध आतंकवादियों (terrorist attack) द्वारा की गई गोलीबारी में सेना का 1 जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों का पता लगाने और उनका खात्मा करने के लिए व्यापक तलाशी अभियान जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

 
हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू : रक्षा विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि सुबह करीब 10 बजकर 50 मिनट पर जम्मू के बाहरी इलाके में स्थित सुंजवान सैन्य स्टेशन पर कुछ राउंड गोलीबारी हुई। घटना में एक सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रवक्ता ने संतरी चौकी पर गोलीबारी करने वाले हमलावरों के बारे में विस्तृत जानकारी दिए बगैर बताया कि हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया गया है और इस संबंध में आगे जानकारी दी जाएगी।

 
इससे पहले अधिकारियों ने कहा था कि जम्मू-कश्मीर की शीतकालीन राजधानी में सबसे बड़े सुरक्षा शिविरों में से एक की सुरक्षा में तैनात सेना की एक चौकी पर संदिग्ध आतंकवादियों ने कुछ राउंड गोलियां चलाईं जिसके बाद कुछ देर के लिए गोलीबारी हुई।
 
इलाके में दहशत फैली : इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई और फरार आतंकवादियों को पकड़ने के लिए स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने सेना के साथ मिलकर तलाश अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने कहा कि तलाश अभियान जारी है लेकिन आतंकवादियों से अब तक सामना नहीं हुआ है। इससे पहले फरवरी 2018 में आतंकवादियों ने सुंजवान सैन्य शिविर पर हमला किया था। इस घटना में 3 सैनिक शहीद हो गए थे और एक नागरिक की मौत हो गई थी, वहीं घटना में 3 आतंकवादियों को मार गिराया गया था।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta