1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. जम्मू-कश्मीर न्यूज़
  4. nia raid at 7 palces in jammu kashmir

रियासी आतंकवादी हमले पर एक्शन में NIA, जम्मू-कश्मीर के 2 जिलों में छापेमारी

national investigation agency
Jammu Kashmir news in hindi : राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने जून में शिव खोड़ी मंदिर से लौट रहे तीर्थयात्रियों की बस पर हुए घातक आतंकवादी हमले की जांच के तहत शुक्रवार को राजौरी और रियासी जिलों में 7 स्थानों पर छापे मारे। 
 
आतंकवादियों द्वारा 9 जून को श्रद्धालुओं की बस पर की गई गोलीबारी में 7 तीर्थयात्रियों सहित 9 लोगों की मौत हो गई थी और 41 अन्य घायल हो गए थे। शिव खोड़ी मंदिर से कटरा जा रही बस अंधाधुंध गोलीबारी के कारण रियासी के पौनी क्षेत्र में तेरयाथ गांव के पास सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गई थी।
 
गृह मंत्री ने इस आतंकवादी हमले की जांच का जिम्मा 17 जून को एनआईए को सौंपा था। इस मामले में अब तक राजौरी के एक व्यक्ति हाकम खान को गिरफ्तार किया गया है, जिसने आतंकवादियों को भोजन, आश्रय और रसद कथित तौर पर मुहैया कराई थी तथा हमले से पहले इलाके का जायजा लेने में उनकी मदद की थी।
 
अधिकारियों ने बताया कि एनआईए की कई टीम शुक्रवार सुबह से ही शिव खोड़ी आतंकवादी हमले के सिलसिले में राजौरी और रियासी जिलों में छापे मार रही हैं। उन्होंने बताया कि अभियान जारी है और विस्तृत जानकारी का इंतजार है। एनआईए ने 30 जून को भी राजौरी में हाइब्रिड आतंकवादियों और उनके ओवरग्राउंड वर्कर से जुड़े 5 स्थानों पर छापे मारे थे।
 
हाइब्रिड आतंकवादियों का पता लगा पाना मुश्किल होता है क्योंकि आम लोगों के बीच रहकर सामान्य जीवन जीते हैं और उनका आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होता है जबकि ओवरग्राउंड वर्कर उन व्यक्तियों को कहा जाता है जो आतंकवादी संगठनों के लिए गुप्त रूप से काम करते हैं।
Edited by : Nrapendra Gupta 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
सुनील जाखड़ का भाजपा को बड़ा झटका, पंचायत चुनाव से पहले अध्यक्ष पद से इस्तीफा