1. खेल-संसार
  2. आईपीएल 2026
  3. आईपीएल 2026 न्यूज़
  4. Royal Challengers Bengaluru pips Mumbai Indians by 2 wickets
Last Updated : सोमवार, 11 मई 2026 (08:34 IST)

रोमांचक मैच में बैंगलूरू ने मुंबई को अंतिम गेंद पर 2 विकेट से हराया

IPL
MIvsRCB रॉयल चैलेंजर्स बैंगलूरू ने मुंबई इंडियन्स को रायपुर के शहीद नारायण स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मैच में अंतिम गेंद पर 2 विकेट से मात दे दी। इसके साथ ही बैंगलूरू की टीम शीर्ष पर पहुंच गई है। 
पिछले दो मैच में हार का सामना करने वाली आरसीबी (14 अंक) ने तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (23 रन देकर चार विकेट) के गेंद से शानदार प्रदर्शन के बाद उनके अंत में दो गेंद में (एक छक्के से) नाबाद सात रन की मदद से शानदार जीत दर्ज की जिससे मुंबई इंडियंस आईपीएल प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई।

कृणाल (46 गेंद में चार चौके और पांच छक्के) और जैकब बेथेल (27) के बीच चौथे विकेट के लिए 42 गेंद में 55 रन की भागीदारी के दम पर आरसीबी ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 167 रन बनाकर रोमांचक जीत दर्ज की। तिलक वर्मा (57 रन) के अर्धशतक के बावजूद मुंबई इंडियंस भुवनेश्वर की शानदार गेंदबाजी के सामने सात विकेट पर 166 रन ही बना सकी। आरसीबी की शुरूआत खराब रही जिसने पावरप्ले में विराट कोहली (शून्य), देवदत्त पडीक्कल (12) और कप्तान राजत पाटीदार (08) के विकेट गंवाए।

लेकिन कृणाल एक छोर पर डटे रहे, उन्होंने बेथेल के साथ मिलकर जिम्मेदारी संभाली। फिर उन्होंने और जितेश शर्मा (18) ने पांचवें विकेट के लिए 22 गेंद में 37 रन जोड़े। लेकिन कोर्बिन बॉश (चार ओवर में एक मेडन, 26 रन देकर चार विकेट) के दोहरे झटकों से आरसीबी की उम्मीदों पर पानी फिरता दिख रहा था जिन्होंने लगातार गेंदों पर जितेश और टिम डेविड को आउट किया।

आरसीबी ने 14वें ओवर में सबसे ज्यादा 16 रन जुटाए जिससे आरसीबी की जीत की उम्मीद बनी। जितेश को पिच पर उतरकर लय में आने में छह डॉट गेंद लगी। लेकिन इस ओवर में जितेश ने राज बावा की गेंद पर लांग ऑफ में एक छक्का और स्क्वायर लेग में एक चौका लगाया। फिर उन्होंने 15वें ओवर में बुमराह पर चौका लगाया।

पर 16वें ओवर में कृणाल और जितेश ने बॉश पर एक एक छक्का लगाया। लेकिन इसी ओवर में जितेश की पारी समाप्त हो गई। इस ओवर में 13 रन बने और दो विकेट गिरे।कृणाल 18वें ओवर की अंतिम गेंद पर एएम गजनफर को विकेट दे बैठे। उनके आउट होने के बाद टीम को अंतिम दो ओवर में 18 रन की दरकार थी।रोमारियो शेफर्ड और रसिख सलाम क्रीज पर थे। 19वें ओवर में केवल तीन रन बने।

अंतिम ओवर में 15 रन चाहिए थे जिसमें राज बावा की पहली गेंद वाइड, फिर नो बॉल रही। फिर इसमें एक रन बना।फिर दो गेंद वाइड हुई और इसमें कोई रन नहीं बना। तीसरी गेंद में शेफर्ड आउट हो गए और भुवनेश्वर क्रीज पर उतरे।चौथी गेंद फिर वाइड हुई और फिर भुवनेश्वर ने इसमें छक्का जड़ दिया।

पांचवीं गेंद पर एक रन बना जिससे अंतिम गेंद पर दो रन चाहिए थे। रसिख सलाम (नाबाद 03) और भुवनेश्वर ने भागकर दो रन लेकर स्टेडियम में मौजूद आरसीबी के प्रशंसकों के साथ विराट कोहली और साथी खिलाड़ियों को खुशी से झूमने का मौका दिया।

इससे पहले दीपक चाहर ने पारी के पहले ही ओवर में कोहली को मिड ऑफ पर राज बावा के हाथों कैच आउट कराया। इस तरह कोहली लगातार दूसरी दफा शून्य पर आउट हुए।तीसरे ओवर में चाहर ने पडीक्कल को आउट कर दूसरा विकेट झटका, उन्होंने दो ओवर में 20 रन देकर दो विकेट ले लिए।पाटीदार भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। वह कोर्बिन बॉश के पहले ओवर की पहली गेंद पर नियंत्रण नहीं बना सके और यह सीधे ऊपर चली गई जिसे विकेटकीपर रिकलटन ने आसानी से लपक लिया।   
लेखक के बारे में
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
21 विकेटों के साथ पर्पल कैप पर कब्जा जमाया भुवनेश्वर कुमार ने