1. खेल-संसार
  2. आईपीएल 2026
  3. आईपीएल 2026 न्यूज़
  4. Gujarat Titans humbles Rajasthan Royals by seventy seven runs

गुजरात राजस्थान को 77 रनों से रौंदकर दूसरे स्थान पर पहुंची

Sai Sudarshan
GTvsRR कप्तान शुभमन गिल की 84 रन की विस्फोटक पारी और साई सुदर्शन के शानदार अर्धशतक के बाद राशिद खान (33 रन पर चार विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के कमाल से गुजरात टाइटंस ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 के अहम मुकाबले में शनिवार को यहां राजस्थान रॉयल्स को 77 रन से शिकस्त देकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को मजबूत किया।

टाइटंस ने मौजूदा सत्र का अपना सबसे बड़ा स्कोर चार विकेट पर 229 रन बनाने के बाद रॉयल्स की पारी को 16.3 ओवर में 152 रन पर समेटकर लगातार चौथी जीत दर्ज की।

इस बड़ी जीत से टाइटंस की टीम अपना नेट रन रेट सुधारने में सफल रही। टीम की यह 11 मैचों में सातवीं जीत है और वह 14 अंक के साथ तालिका में पांचवें से दूसरे स्थान पर पहुंच गई। रॉयल्स इतने ही मैचों में पांचवीं हार के बाद 12 अंक के साथ पांचवें स्थान पर खिसक गई है।

राशिद को गेंदबाजी में जेसन होल्डर (12 रन पर तीन विकेट) और कागिसो रबाडा (33 रन पर दो विकेट) का अच्छा साथ मिला। मोहम्मद सिराज ने चार ओवर में 55 रन लुटाए, लेकिन वैभव सूर्यवंशी का अहम विकेट चटकाया।लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्यवंशी ने शुरुआती दो ओवरों में सिराज और रबाडा के खिलाफ छक्के जड़कर रॉयल्स को तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने सिराज के खिलाफ तीसरे ओवर में भी तीन चौके जड़े, लेकिन इस अनुभवी गेंदबाज की बाउंसर पर हवा में शॉट खेल बैठे और अरशद खान ने आसान कैच पूरा किया।

नियमित कप्तान रियान पराग के चोटिल होने से इस मुकाबले में टीम की कमान संभाल रहे यशस्वी जायसवाल (तीन) अगले ओवर में ही रबाडा की गेंद पर निशांत सिंधू को कैच दे बैठे।
इन विकेटों का हालांकि जुरेल पर कोई असर नहीं हुआ और उन्होंने सिराज के खिलाफ तीन छक्के और एक चौका जड़कर पांचवें ओवर से 22 रन बटोरे। रबाडा ने हालांकि दूसरे छोर से शिमरोन हेटमायर (छह) को सस्ते में चलता कर रॉयल्स को तीसरा झटका दिया।

जडेजा ने क्रीज पर आते ही छक्का और चौका जड़ा, जिससे पावरप्ले में राजस्थान ने तीन विकेट पर 78 रन बना लिए।राशिद ने अपने पहले ओवर में ही जुरेल और डोनोवा फरेरा (दो गेंदों में चार रन) को बोल्ड कर मैच पर टाइटंस का दबदबा कायम कर दिया।

आठ ओवर के अंदर पांच विकेट गंवाने के बाद जडेजा और क्रीज पर आए शुभम दुबे (15) ने अगले कुछ ओवरों में संभलकर बल्लेबाजी की। दुबे ने राशिद के खिलाफ छक्का लगाकर दबाव कम करने की कोशिश की, लेकिन अगली ही गेंद पर बोल्ड हो गए।

जडेजा भी कुछ देर संघर्ष करने के बाद राशिद पर छक्का जड़ने में सफल रहे, लेकिन अगली ही गेंद पर पगबाधा आउट हो गए, जिससे रॉयल्स की उम्मीदों ने पूरी तरह दम तोड़ दिया।होल्डर ने दासून शनाका (16), जोफ्रा आर्चर (पांच) और तुषार देशपांडे (एक) को आउट कर जीत की औपचारिकता पूरी की।


लेखक के बारे में
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
चेन्नई ने लखनऊ के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी (Video)