1. खेल-संसार
  2. आईपीएल 2026
  3. आईपीएल 2026 न्यूज़
  4. Chennai Super Kings restricts Sunrisers Hyderabad below two hundred

अभिषेक की आतिशी पारी के बाद भी चेन्नई ने हैदराबाद को 200 से नीचे रोका

Travis Head Abhishek Sharma
CSKvsSRH सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (59 रन) की शानदार शुरूआत के बावजूद सनराइजर्स हैदराबाद की टीम चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के तेज गेंदबाज जेमी ओवरटन और अंशुल कंबोज की धारदार गेंदबाजी के सामने शनिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में नौ विकेट पर 194 रन ही बना सकी।

अभिषेक और हेनरिक क्लासेन (59 रन) के अर्धशतकों को छोड़ दें तो सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी इकाई ने सीएसके के गेंदबाजों के सामने घुटने टेक दिए।  सीएसके के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। अभिषेक (22 गेंद) ने 15 गेंद में अपना एक और अर्धशतक पूरा जिससे लग रहा था कि गायकवाड़ का फैसला उल्टा पड़ गया है।

लेकिन आमतौर पर थोड़े महंगे साबित होने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी (दो ओवर में 21 रन देकर दो विकेट) ने पावरप्ले की आखिरी दो गेंदों पर ट्रेविस हेड (20 गेंद में 23 रन) और कप्तान ईशान किशन (शून्य) को आउट कर करारे झटके दिए। सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 5.4 ओवर में बिना किसी नुकसान के 75 रन से अचानक छह ओवर के बाद दो विकेट पर 75 रन हो गया।

सीएसके को इसी मौके की तलाश थी। पावरप्ले के बाद के ओवर सनराइजर्स हैदराबाद के के बल्लेबाज़ों के लिए काफी मुश्किल भरे रहे जिसमें सिर्फ क्लासेन (39 गेंद) ने अपना एक और अर्धशतक पूरा कर टीम का स्कोर 200 के करीब पहुंचाने में मदद की।

ओवरटन (37 रन देकर तीन विकेट) और कंबोज (22 रन देकर तीन विकेट) ने बीच के और आखिरी ओवरों में शानदार गेंदबाजी करते हुए मेजबान टीम पर पूरी तरह से नकेल कसकर रखी।सनराइजर्स हैदराबाद ने साढ़े चार ओवरों के अंदर अपने चार विकेट नहीं गंवाए होते तो वे आसानी से 225 से 230 रन बना सकते थे।
दस ओवर के बाद टीम का स्कोर चार विकेट पर 112 रन हो गया।विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की क्रिकेट सूझबूझ भी टीम के काम आई। उन्होंने ओवरटन की एक शॉर्ट गेंद पर अभिषेक के खिलाफ रिव्यू की अपील की जो मैच का रुख बदलने वाले फैसलों से एक साबित हुआ।

सीएसके के लिए ओवरटन की लेंथ और नूर अहमद (चार ओवर में 33 रन देकर कोई विकेट नहीं) की गेंदबाजी ने क्लासेन और दूसरे बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

नीतीश रेड्डी (12) जैसे भारतीय बल्लेबाज तथा अनकैप्ड खिलाड़ी जैसे अनिकेत वर्मा और सलिल अरोड़ा रन गति नहीं बढ़ा पाए जिससे सारा दबाव क्लासेन पर आ गया।

कंबोज की जितनी भी तारीफ की जाए कम है, वह अब ‘राउंड द विकेट’ से तेज वाइड यॉर्कर फेंकने में माहिर हो गए हैं और इसी तरह की एक गेंद पर क्लासेन बोल्ड हो गए।गुरजपनीत सिंह ने भी 12 डॉट गेंदें फेंकीं जिससे मेजबान टीम की मुश्किलें और बढ़ गईं। आखिरी पांच ओवरों में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम सिर्फ 40 रन ही बना पाई।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
जन्मदिन पर राहुल का पचासा, अंतिम ओवर में मिलर के किलर पंच से हारी बैंगलूरू