आर्मस्ट्रांग के सम्मान में आधा झुकेगा अमेरिकी ध्वज
चांद पर चहल-कदमी करने वाले पहले मानव नील आर्मस्ट्रांग की याद में अमेरिकी ध्वज शुक्रवार को आधे झुके रहेंगे। आर्मस्ट्रांग का पिछले हफ्ते निधन हो गया था।अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने आर्मस्ट्रांग की याद में ‘सम्मान के तौर पर’ उनके अंतिम संस्कार के दिन सभी सरकारी इमारतों और विदेशों में स्थित अमेरिकी राजनयिक प्रतिष्ठानों पर अमेरिकी ध्वज आधे झुकाने का आदेश दिया।शुक्रवार को आर्मस्ट्रांग का अंतिम संस्कार किया जाएगा। 25 अगस्त को 82 साल की उम्र में आर्मस्ट्रांग का निधन हो गया था। इस महीने की शुरुआत में उनके हृदय की बाईपास सर्जरी हुई थी, लेकिन इसमें समस्याएं आ गई थीं। अमेरिकी अंतरिक्ष समुदाय सहित दुनियाभर में आर्मस्ट्रांग के प्रशंसकों ने उनके निधन पर शोक जताया है। स्पेस फाउंडेशन के सीईओ एलियट एच. पुलहम ने कहा कि नील आर्मस्ट्रांग विनम्र और मृदुभाषी थे। अपोलो मिशन के बाद वे चकाचौंध से दूर रहे और उन्होंने नई पीढ़ी के अंतरिक्ष यात्रियों को प्रेरित करना जारी रखा। ओहियो के सीनेटर रोब पोर्टमैन ने कहा कि आर्मस्ट्रांग ‘एक सच्चे अमेरिकी नायक थे’, जिन्होंने देश के लिए असाधारण योगदान दिया और एक सम्मानजनक जीवन जीया। वे दुनिया के सबसे प्रसिद्ध अंतरिक्ष यात्री थे, लेकिन अपनी उपलब्धियों को लेकर वे हमेशा विनम्र और शालीन रहे, जो उन्हें अन्य से अलग करता है। (भाषा)