1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. North Korea America South Korea

अमेरिका-दक्षिण कोरिया संयुक्त सैन्य अभ्यास पर भड़का उत्तर कोरिया

North Korea
सोल। अमेरिका और दक्षिण कोरिया के अब तक के सबसे बड़े संयुक्त वायुसेना अभ्यास पर भड़के उत्तर कोरिया ने कहा है कि यह परमाणु युद्ध के लिए उकसावे की तरह है। उत्तर कोरिया की टिप्पणी ऐसे वक्त आई है, जब व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एचआर मेकमास्टर ने आर्थिक रूप से कंगाल लेकिन परमाणु शक्ति संपन्न उत्तर कोरिया के साथ जंग की आशंका बढ़ने के बारे में चेताया है। 
 
उत्तर कोरिया की ओर से अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल के परीक्षण के 5 दिनों बाद यह 5 दिवसीय अभ्यास मंगलवार को शुरू हो रहा है। इसमें एफ-22 रेप्टर स्टील्थ लड़ाकू विमानों सहित करीब 230 विमानों का बेड़ा हिस्सा ले रहा है। उत्तर कोरिया की मिसाइल के बारे में माना जा रहा है कि यह अमेरिका तक को अपनी जद में ले सकता है। 
 
उत्तर कोरिया की सत्तारूढ़ पार्टी के 'रोडोंग' अखबार ने आगामी अभ्यास की निंदा की है। उत्तर कोरिया के आधिकारिक नाम का इस्तेमाल करते हुए संपादकीय में कहा गया है कि यह डीपीआरके के खिलाफ खुलेआम उकसावा है जिसके फलस्वरूप किसी भी पल परमाणु जंग छिड़ सकती है। इसमें कहा गया है कि युद्ध को भड़काने वाले अमेरिका और कठपुतली दक्षिण कोरिया ने यह जान लिया होगा कि डीपीआरके लक्षित सैन्य अभ्यास नासमझी के साथ ही उनकी खुद को बर्बाद करने की हरकत होगी। 
 
मेकमास्टर ने कहा है कि उत्तर कोरिया के साथ युद्ध की संभावना हर दिन बढ़ती जा रही है। उन्होंने शनिवार को एक मंच पर कहा कि मुझे लगता है कि यह हर दिन बढ़ता जा रहा है जिसका मतलब है कि हम इस समस्या को सुलझाने की राह पर आगे बढ़ने वाले हैं। (भाषा)
अगला लेख
यहां आने वाली हैं 7 से 8 लाख नौकरियां