ईरान ने दी अमेरिकी बेस पर हमले की धमकी, MEA ने कहा- भारतीय तुरंत छोड़ें देश
ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सैन्य कदम पर विचार कर रहे हैं, लेकिन ऐसे किसी भी कदम के वॉशिंगटन के लिए उलटे परिणाम भी हो सकते हैं। ईरान ने अमेरिकी बेस पर हमले की धमकी दी है। ईरान में अभी तक 2500 प्रदर्शनकारियों की मौत हो चुकी है। इस बीच भारत ने ईरान के अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। ईरान में 17 दिनों से खुमैनी सरकार के खिलाफ 31 प्रांतों में प्रदर्शन चल रहे हैं। MEA ने बताया कि भारत ने ईरान में रहने वाले भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
क्या कहा एडवाइजरी में
भारत सरकार द्वारा 5 जनवरी 2025 को जारी एडवाइजरी के सिलसिले में, और ईरान में बदलती स्थिति को देखते हुए, जो भारतीय नागरिक अभी ईरान में हैं (छात्र, तीर्थयात्री, कारोबारी और पर्यटक) उन्हें सलाह दी जाती है कि वे उपलब्ध ट्रांसपोर्ट के साधनों, जिसमें कमर्शियल फ्लाइट्स भी शामिल हैं, से ईरान छोड़ दें। यह फिर से दोहराया जाता है कि सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के व्यक्तियों को पूरी सावधानी बरतनी चाहिए, विरोध प्रदर्शन या प्रदर्शनों वाले इलाकों से बचना चाहिए, ईरान में भारतीय दूतावास के संपर्क में रहना चाहिए और किसी भी नई जानकारी के लिए स्थानीय मीडिया पर नज़र रखनी चाहिए।
क्यों हो रहा है आंदोलन
भारत ने बुधवार को अपने नागरिकों को ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी, जहां सरकार विरोधी व्यापक प्रदर्शनों और प्रदर्शनकारियों पर की जा रही कार्रवाई के मद्देनजर सुरक्षा स्थिति बिगड़ गई है। ईरानी मुद्रा रियाल के रिकॉर्ड निचले स्तर पर गिरने के बाद पिछले महीने तेहरान में प्रदर्शन शुरू हुए। तब से ये प्रदर्शन सभी 31 प्रांतों में फैल चुके हैं, और आर्थिक संकट के खिलाफ आंदोलन से शुरू होकर राजनीतिक परिवर्तन की मांग में तब्दील हो गए हैं।
ईरान में सभी भारतीय नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपने यात्रा और इमिग्रेशन डॉक्यूमेंट्स, जिसमें पासपोर्ट और ID भी शामिल हैं, अपने पास तैयार रखें। इस संबंध में किसी भी सहायता के लिए उनसे भारतीय दूतावास से संपर्क करने का अनुरोध किया जाता है। Edited by: Sudhir Sharma