खामनेई के खिलाफ ट्रंप ने फूंका बिगुल, बोले- ईरानी देशभक्तों, विरोध रखें जारी, आ रही है मदद
ईरान में भड़की हिंसा के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों को अपना समर्थन दोहराया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर लिखा, 'ईरानी देशभक्तों, विरोध जारी रखें, अपने संस्थानों पर कब्जा करें! हत्यारों और दुर्व्यवहार करने वालों के नाम याद रखें। उन्हें इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। जब तक प्रदर्शनकारियों की बेमतलब हत्या बंद नहीं हो जाती, मैंने ईरानी अधिकारियों के साथ सभी मीटिंग रद्द कर दी हैं। मदद आ रही है।
ईरान में बढ़ रहे आर्थिक संकट के चलते देश की जनता ने यह प्रदर्शन शुरू किया है। लोगों ने खामेनेई सरकार को सत्ता से हटाने का फैसला ले लिया है लेकिन सरकार सत्ता में बने रहने की पूरी कोशिश कर रही है। सरकार ने पुलिस को प्रदर्शन कर रहे लोगों पर गोलियां चलाने के आदेश भी दे दिए हैं।
ट्रंप ने बताया कैसे मदद करेंगे
ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा है कि उन्होंने ईरानी अधिकारियों के साथ बैठकें रद्द कर दी हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार को हालांकि यह विवरण नहीं दिया कि अमेरिकी किस तरह से ईरानी प्रदर्शनकारियों को मदद करने जा रहा है, लेकिन उन्होंने कहा कि सहायता पहुंचने वाली है। ईरान में अमेरिका की संभावित कार्रवाई का महत्वपूर्ण संकेत देते हुए ट्रंप ने ये ऐलान 'ईरान को फिर से महान बनाओ' (Make Iran Great Again, MIGA) नारे के साथ कही है। इससे पहले, ट्रंप ने कहा था कि देशभर में बड़े पैमाने पर सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच सैन्य कार्रवाई की धमकियों के बाद ईरान के नेतृत्व ने उनसे बातचीत करने के प्रयास में संपर्क किया था।
2000 प्रदर्शकारियों की मौत
ईरान में राष्ट्रव्यापी विरोध-प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या मंगलवार तक बढ़कर कम से कम 2,000 हो गई। ईरान की सरकार ने विरोध-प्रदर्शन पर काबू पाने के लिए संचार व्यवस्था ठप कर दिया था। लेकिन मंगलवार को ईरानियों ने कई दिनों बाद पहली बार विदेशों में फोन किया। ईरान में इस पैमाने पर हिंसा दशकों में नहीं देखी गई थी।
प्रदर्शनकारी को फांसी पर लटकाएगी ईरानी सरकार
पिछले दिनों ईरानी सरकार ने प्रदर्शनकारियों को मौत की सजा दिए जाने का एलान किया था। सरकार के इस एलान के बाद अब पहली बार किसी प्रदर्शनकारी को सजा-ए-मौत मिलने जा रही है। सरकार ने 26 वर्षीय इरफ़ान सुल्तानी नामक शख्स को फांसी पर लटकाने का फैसला किया है। मानवाधिकार संगठनों के अनुसार, इरफ़ान को बुधवार को फांसी दी जाएगी।
इरफान को भी पिछले हफ्ते राजधानी तेहरान के पास स्थित कराज शहर में प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किया गया था। अब खबर सामने आ रही है कि सरकार इरफान को फांसी पर लटकाने जा रही है। इरान सरकार ने बिना कोई मुकदमा चलाए या कानूनी प्रक्रिया पूरी किए इरफान को फांसी देने का फैसला कर लिया है।
Edited by: Sudhir Sharma