1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Indian student found dead in London's Thames River

लंदन की टेम्स नदी में मृत मिला भारतीय छात्र, पुलिस ने मामला संदिग्ध नहीं माना

Indian Student
लंदन। ब्रिटेन में पिछले महीने लापता हुआ एक भारतीय छात्र यहां टेम्स नदी में मृत पाया गया है। पुलिस ने बताया कि मीतकुमार पटेल (23) सितंबर में उच्च अध्ययन के लिए ब्रिटेन पहुंचे थे और 17 नवंबर को उनके लापता होने की सूचना मिली थी। मेट्रोपॉलिटन पुलिस को 21 नवंबर को पूर्वी लंदन के कैनरी घाट क्षेत्र के निकट टेम्स नदी में उनका शव मिला। पुलिस ने कहा कि इस मामले को संदिग्ध नहीं माना जा रहा है।
 
मीतकुमार के एक रिश्तेदार पार्थ पटेल ने उनके परिवार की मदद के वास्ते धनराशि जुटाने के लिए एक ऑनलाइन अभियान 'गो फंड मी' शुरू किया है। धनराशि जुटाने के लिए एक अपील की गई है जिसमें कहा गया है कि मीतकुमार पटेल 23 वर्षीय एक युवक थे, जो 19 सितंबर 2023 को उच्च अध्ययन के लिए ब्रिटेन आए थे।
 
इसमें कहा गया था कि वह एक किसान परिवार से थे और गांव में रहा करते थे। वे 17 नवंबर 2023 से लापता थे। अब 21 नवंबर को पुलिस को उनका शव मिला है। यह हम सभी के लिए दु:खद है इसलिए हमने उनके परिवार की मदद के लिए धन जुटाने और उनके शव को भारत भेजने का भी फैसला किया। अपील में कहा गया है कि धनराशि भारत में मीतकुमार के परिवार को सुरक्षित रूप से हस्तांतरित की जाएगी।
 
'इवनिंग स्टैंडर्ड' अखबार की खबर के अनुसार छात्र को शेफील्ड हॉलम विश्वविद्यालय में डिग्री और अमेजन में अंशकालिक नौकरी शुरू करने के लिए 20 नवंबर को शेफील्ड जाना था। खबर के अनुसार वे सुबह की सैर पर गए थे और जब वे लंदन में स्थित अपने घर नहीं लौटे, तो उनके रिश्तेदारों ने उनके लापता होने की सूचना पुलिस को दी।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
अगला लेख
नौसेना ने मुंबई में महिला अग्निवीर प्रशिक्षु की मौत, नौसेना प्रमुख ने दिए जांच के आदेश